Delhi: गाजीपुर में कूड़े के ढेर में आग लगने से पूरे इलाके में फैला धुंआ, मौके पर पहुंचे दमकलकर्मी
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के गाजीपुर (Ghazipur) में स्थित कूड़े के पहाड़ में आग लग गई है। आग लगने से पूरे इलाके में धुंआ फैल गया है। जानकारी के मुताबिक आग लगने की सूचना मिलने के बाद यहां दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकलकर्मी अभी आग को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं। आग लगने की तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि कैसे कूड़े के ढेर से धुंआ निकल रहा है।
Recommended Video

मामले में पूर्वी दिल्ली नगर परिषद के मेयर ने बताया, ये आग सुबह करीब 2 बजे शुरू हुई थी, जिसके बाद हमारा विभाग तुरंत हरकत में आया और फायर बिग्रेड द्वारा करीब 1 घंटे में आग पर काबू पा गया। अब बस धुंआ उठ रहा है। अभी भी दमकल की 3 गाड़ियां प्रयास में लगी हुई हैं ताकि पूरी तरह से आग बुझ जाए।
बताया जा रहा है कि आग मंगलवार की रात अचानक लग गई थी। कूड़े के ढेर में कई जगहों पर आग लगी है। बीती रात से ही आग धीरे-धीरे बढ़ती जा रही थी। जिससे आसपास के पूरे इलाके में धुंआ फैल गया है और लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि वह रातभर सो नहीं पाए। बुजुर्गों और बच्चों को धुंए से काफी ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को आंखों में जलन भी हो रही है।
दिल्ली में पराली जलने के कारण पहले ही हवा सांस लेने के लायक नहीं है। इस स्थान पर आग लगने का एक कारण ये भी है कि यहां जगह-जगह कूड़े का ढेर लगा हुआ है। इस ठोस कचरे का कोई इंतजाम नहीं हो पा रहा है। अक्टूबर और नवंबर महीने से ही दिल्ली की हवा जहरीली बनी हुई है। प्रदूषण का एक अन्य कारण वाहनों और औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाला धुंआ भी है। सर्दी के दिनों में ये परेशानी और भी ज्यादा बढ़ जाती है।












Click it and Unblock the Notifications