विदाई लेते हुए बोले शिवराज, 'टाइगर अभी जिंदा है, 5 साल से पहले भी लौट सकता हूं'
मध्य प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद शिवराज सिंह चौहान ने एक ऐसा बयान दिया है, जो कांग्रेस को भी परेशान कर सकता है।
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद भी सियासी हलचल लगातार जारी है। शपथ ग्रहण के बाद किसानों की कर्जमाफी की फाइल पर हस्ताक्षर कर सुर्खियों में आए सीएम कमलनाथ अगले ही दिन यूपी-बिहार को लेकर दिए गए अपने बयान पर घिर गए। कमलनाथ के बयान के बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक ऐसा बयान दिया है, जो मध्य प्रदेश के सियासी गलियारों में सुर्खियों में छाया हुआ है। दरअसल बुधवार को शिवराज सिंह चौहान के लिए भोपाल के सीएम हाउस में एक विदाई समारोह रखा गया था, इस विदाई समारोह में शिवराज ने लोगों से कहा कि हो सकता है कि वो पांच साल से पहले ही यहां वापस लौट आएं।

'कोई आंख उठाकर देखे भला...'
सीएम हाउस में रखे गए विदाई समारोह के दौरान कई बार ऐसे मौके आए, जब माहौल बेहद भावुक हो गया। खुद शिवराज सिंह की पत्नी साधना सिंह भी भावुक हो गईं। भावुक माहौल में लोगों को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने फिल्मी अंदाज में कहा, 'किसी तरह की कोई चिंता मत करना, टाइगर अभी जिंदा है, कोई आंख उठाकर देखे भला। हो सकता है कि मुझे यहां वापस आने में पूरे पांच साल का वक्त भी ना लगे और मैं पहले ही वापस आ जाऊं।' शिवराज सिंह चौहान के इस बयान को लेकर सियासी गलियारों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। दरअसल मध्य प्रदेश में भाजपा या कांग्रेस किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। कांग्रेस ने भी बसपा, सपा और निर्दलियों को साथ लेकर सरकार बनाई है।

'सीएम हाउस को जनता का हाउस बनाया'
विदाई समारोह में शिवराज सिंह चौहान ने कहा, 'मुख्यमंत्री का यह सीएम हाउस सिर्फ कहने के लिए सीएफ हाउस था, मैंने इसे जनता का हाउस बनाया। इस प्रांगण में श्री कृष्ण जन्माष्टमी, झूलेलाल जयंती, प्रकाशोत्सव, क्षमावाणी और क्रिसमस सभी त्यौहार जनता के साथ मनाए गए। जनहित के कई फैसले इसी प्रांगण से लिए गए। जनता के हित में लिए गए कई बड़े फैसलों का यह प्रांगण साक्षी रहा है और रहेगा।' शिवराज सिंह चौहान से मिलने के लिए उनके विधानसभा क्षेत्र बुधनी से बड़ी संख्या में लोग आए हुए थे। शिवराज सिंह फिलहाल सीएम हाउस में ही रुके हुए हैं। माना जा रहा है कि जल्द ही शिवराज सिंह चौहान सीएम हाउस खाली कर देंगे।

'मध्य प्रदेश में ना कोई इधर का हैं, ना उधर का'
इससे पहले बुधवार को सीएम कमलनाथ के उस बयान पर भी शिवराज सिंह चौहान ने पलटवार किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि यूपी-बिहार के लोगों की वजह से मध्य प्रदेश के युवा बेरोजगार हैं। कमलनाथ के बयान के जवाब में शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट करते हुए कहा, 'मध्य प्रदेश में ना कोई इधर का हैं, ना कोई उधर का हैं। मध्य प्रदेश में जो भी आता हैं, यहां का हो कर ही बस जाता हैं। प्रदेश को हिंदुस्तान का दिल ऐसे ही नहीं कहते! क्यों ठीक कहा ना?' आपको बता दें कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीते 11 दिसंबर को आए चुनाव नतीजों में भाजपा को 230 सीटों में से 109 सीटों पर जीत मिली थी, जबकि कांग्रेस ने 114 सीटें हासिल की हैं। कांग्रेस ने निर्दलीय, बसपा और सपा के विधायकों को साथ लेकर सरकार का गठन किया है।












Click it and Unblock the Notifications