भाजपा के महाराष्ट्र बचाओ आंदोलन पर बरसी शिवसेना, कहा- ओछी राजनीति छोड़ें, उद्धव सरकार में सुरक्षित है प्रदेश
नई दिल्ली। शिवसेना ने महाराष्ट्र में विपक्षी भाजपा के उद्धव सरकार को कोरोना संकट के निपटने में असफल बताने पर उसकी कड़ी आलोचना की है। शिवसेना ने अपने मुखपत्र सामना में कहा है कि उद्धव के नेतृत्व में चल रही सरकार में महाराष्ट्र सुरक्षित है और भाजपा को इस समय ऐसी हल्की राजनीति से बाज आना चाहिए। लेख में महाराष्ट्र विकास आघाड़ी सरकार के महामारी से निपटने के तरीके की तुलना केरल मॉडल से करने के लिए प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल को भी जमकर भला-बुरा कहा गया है।

महामारी को राजनीतिक रंग दे रही भाजपा: शिवेसना
शिवसेना ने मुखपत्र सामना में शुक्रवार को कहा है कि कोविड-19 जैसी वैश्विक महामारी के बीच उद्धव ठाकरे सरकार के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी का विरोध हल्की राजनीति है। इसे जनता देख रही है और इस प्रदर्शन पार्टी पर ही उल्टा पड़ेगा। चंद्रकांत पाटिल के महाराष्ट्र में केरल मॉडल की तरह काम होने की बात की आलोचना करते हुए संपादकीय में कहा गया है, ऐसा लगता है कि पाटिल ने केरल मॉडल का अध्ययन नहीं किया है। केरल के मुख्यमंत्री केंद्र के दिशा निर्देशों का पालन नहीं करते और उन्हें लगता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वीडियो कांफ्रेंस में भाग लेना समय की बर्बादी है। महाराष्ट्र में प्रदर्शन करने के बजाय पाटिल और पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस को केरल में प्रदर्शन करना चाहिए।

सीएम को सुझाव दें विपक्ष के नेता
शिवसेना की ओर से कहा गया है कि अगर विपक्ष को राज्य की चिंता है और उसके पास महामारी से लड़ने के लिए कोई सुझाव है तो उन्हें मुख्यमंत्री के साथ इस पर चर्चा करनी चाहिए। ऐसा करने की बजाय प्रदर्शन करना ठीक नहीं है। क्या विपक्षी दल को सीएम को सुझाव देने में शर्म आती है या भाजपा नेताओं में आत्म विश्वास ही नहीं बचा है। लेख में महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा कोरोना केस होने का बचाव करते हुए इस बात को भी कहा गया है कि राज्य में लोग बड़ी संख्या में ठीक भी हो रहे हैं। बता दें कि महाराष्ट्र राज्य में कोरोना वायरस का सबसे ज्यादा असर है। महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में 2345 नए केस आए हैं। जिसके बाद राज्य में कोविड-19 के कुल मरीज 41,642 हो गए हैं। राज्य में अब तक 1454 लोगों की जान इस वायरस से जा चुकी है।

कोरोना को लेकर उद्धव सरकार पर हमलावर है भाजपा
महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की सरकार पर भाजपा लगातार हमले कर रही है।शुक्रवार को सरकार पर कोरोना को नियंत्रित करने में असफल रहने का आरोप लगाते हुए भाजपा ने शुक्रवार को 'महाराष्ट्र बचाओ' आंदोलन की शुरुआत की। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और दूसरे नेताओं ने राज्य भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।
फडणवीस ने कहा है कि महाराष्ट्र सबसे प्रभावित राज्य है। मुंबई के हालात देख लगता है कि प्रदेश सरकार के हाथ से स्थिति नहीं संभल पा रही है। उन्होंने कहा, पहले लॉकडाउन से ही राज्य सरकार गलती करती गई। मुख्यमंत्री नए हैं और उन्होंने कोई प्रशासनिक अनुभव नहीं है। ऐसे में में सीएम उद्धव ठाकरे निर्णय लेने से डर रहे हैं। वह बहुत हद तक नौकरशाही पर निर्भर हैं।












Click it and Unblock the Notifications