महाराष्ट्र : नतीजों से पहले शिवसेना नेता संजय राउत ने जताई इच्छा, आदित्य ठाकरे बनें महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री
मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मतदान के बाद आज गुरुवार को नतीजे आ रहे हैं। वोटों की गिनती शुरू हो गई है और शुरुआती रुझानों में महाराष्ट्र में एनडीए को बहुमत मिलता दिखाई दे रहा है। बता दें, भारतीय जनता पार्टी और शिवसेना गठबंधन के साथ प्रदेश में चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं इस बार के विधानसभा चुनाव में शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के बड़े बेटे आदित्य ठाकरे मुंबई की वर्ली सीट से खड़े हैं। शिवसेना के गठन के बाद से यह पहली बार है जब ठाकरे परिवार का कोई सदस्य चुनाव लड़ रहा है।

शुरुआती रुझानों में मुंबई की वर्ली सीट से शिवसेना के आदित्य ठाकरे आगे चल रहे हैं। आदित्य ने लगातार सीट पर बढ़त बनाई हुई है। वर्ली सीट पर शिवसेना के आदित्य ठाकरे का सीधा मुकाबला एनसीपी के सुरेश माने से है। शिवसेना के नेता संजय राउत ने वर्ली सीट से आ रहे रुझानों पर खुशी जताते हुए आदित्य ठाकरे को बधाई दी है। उन्होंने कहा, वह आदित्य को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं। भारतीय जनता पार्टी बिना उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में सरकार नहीं बना सकती। शुरुआती रुझानों से साफ पता चल रहा है कि शिवसेना की लहर है।
यह भी पढ़ें: Worli Election Results 2019 Live: वर्ली सीट पर आदित्य ठाकरे 7,000 वोटों से आगे
288 सदस्यों वाली महाराष्ट्र विधानसभा में 2014 के चुनाव में भाजपा 122 सीटों के साथ सबसे बड़े दल के रूप में उभरी थी। शिवसेना को 63 सीटों पर जीत मिली थी। चुनाव के बाद शिवसेना के सहयोग से भाजपा ने सरकार बनाई थी। देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री बने थे। तब कांग्रेस पार्टी ने 42 सीटों पर जीत हासिल की थी जबकि शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी ने 41 सीट जीतने में कामयाब रही थी। 13 सीटें छोटे दलों के खाते में गई थी, तो वहीं 7 निर्दलीय विधायक भी चुने गए थे।












Click it and Unblock the Notifications