MAHA-TWIST: शरद पवार की भूमिका पर शिवसेना ने पहले रिएक्शन में क्या कहा?
मुंबई। महाराष्ट्र में शनिवार की सुबह जो बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला उसकी उम्मीद शायद ही किसी राजनीतिक पंडित ने की होगी। राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई और एनसीपी के अजित पवार ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली, तो शिवसेना, कांग्रेस और यहां तक शरद पवार भी हैरान रह गए। रातों-रात हुए इस उलटफेर के बीच एनसीपी के कई नेता हैरान हैं क्योंकि कल रात तक शरद पवार और शिवसेना-कांग्रेस के बीच बातचीत हो रही थी। वहीं, बदले सियासी समीकरण में एनसीपी प्रमुख शरद पवार की भूमिका को लेकर शिवसेना नेता संजय राउत की तरफ से बयान आया है।

शरद पवार का इससे कोई लेना-देना नहीं- शिवसेना
महाराष्ट्र में एनसीपी-बीजेपी की सरकार बनने और देवेंद्र फडणवीस के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद शिवसेना भी हैरान है। जिस तरीके से सुबह फडणवीस ने सीएम पद की शपथ ली, उसके बाद ऐसी खबरें आने लगी हैं कि अजीत पवार ने पार्टी लाइन से अलग जाकर ये फैसला लिया है। वहीं, ताजा घटनाक्रम पर शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि शरद पवार का इससे कोई लेना-देना नहीं है। राउत ने कहा कि शरद पवार को अजीत पवार ने धोखा दिया है।
Recommended Video

शरद पवार करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस
संजय राउत ने कहा कि उद्धव ठाकरे और शरद पवार लगातार संपर्क में हैं और वे आज भी मिलेंगे और दोनों नेता साथ में मीडिया को भी संबोधित कर सकते हैं। इसके बाद ही खबर आई है कि शरद पवार और उद्धव ठाकरे की दोपहर 12:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी। दरअसल, हालिया घटनाक्रम को अबतक शरद पवार का पावर गेम कहा जा रहा था लेकिन अब यह साफ हो गया है कि शरद पवार इस फैसले से बिल्कुल अलग हैं। इतना ही नहीं, ये संकेत मिलने लगे हैं कि एनसीपी में दरार पड़ चुकी है।

बीजेपी के साथ आए अजीत पवार
बीजेपी को समर्थन देने के एनसीपी के फैसले पर पार्टी प्रमुख शरद पवार का भी बयान आया। अजीत पवार के बीजेपी को समर्थन देने के फैसले पर एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा कि ये फैसला पार्टी का नहीं है। उन्होंने कहा कि ये अजीत पवार का निजी फैसला है। शरद पवार ने आगे कहा कि यह साफ करना चाहता हूं कि हम इस फैसले का समर्थन नहीं करते हैं। शरद पवार की तरह, कई एनसीपी नेताओं को अजीत पवार के इस कदम की भनक नहीं लगी। फिलहाल, सभी की नजरें शरद पवार की होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस पर हैं।












Click it and Unblock the Notifications