हरियाणा: इकलौता विधायक BJP में गया, तो भड़के अकाली दल ने किया अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान
नई दिल्ली। हरियाणा में शिरोमणि अकाली दल के एकमात्र विधायक बलकौर सिंह ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। इसपर अकाली दल ने नाराजगी जाहिर की है और इसे गठबंधन धर्म का उल्लंघन बताया है। पार्टी के विधायक के बीजेपी में शामिल हो जाने के बाद दोनों दलों के बीच रिश्तों में कड़वाहट आ गई है। इसके बाद अब अकाली दल ने हरियाणा विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने का ऐलान किया है।

अकाली दल के प्रवक्ता दलजीत सिंह चीमा ने कहा, 'जब हम सीटों के बंटवारे पर उनके साथ बात कर रहे थे, तब तक हमारे विधायक को उन लोगों ने अपनी पार्टी में शामिल कराने का अनैतिक कदम उठा लिया। इसका विरोध करने के लिए हमने हरियाणा में उनके साथ गठबंधन को लेकर चल रही बातचीत को बंद कर दिया है।' कलांबली के विधायक बलकौर सिंह ने गुरुवार को दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ली थी।
इस दौरान उन्होंने मनोहर लाल खट्टर की तारीफ करते हुए उन्हें ईमानदार सीएम बताया था। वहीं, पार्टी के विधायक के बीजेपी में शामिल हो जाने के बाद अकाली दल भड़की हुई है। पार्टी के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल की अगुवाई में अमृतसर में कोर कमेटी की बैठक के बाद जारी बयान में कहा गया कि भाजपा ने ना केवल धोखा दिया है बल्कि हरियाणा विधानसभा चुनाव के संबंध में की गई प्रतिक्रियाओं से भी पीछे हट गई है।
बीजेपी के कदम को गठबंधन धर्म के सिद्धांत के खिलाफ बताते हुए अकाली दल के पैनल ने कहा कि भाजपा का विधायक को अपनी पार्टी में शामिल कर लेना 'अवांछनीय' है, जिसकी पुराने सहयोगी से उम्मीद नहीं थी।' शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी का लंबे समय से साथ रहा है। हरियाणा की 90 सीटों पर विधानसभा चुनाव के लिए 21 अक्टूबर को वोटिंग होगी जबकि इसके नतीजे 24 अक्टूबर को आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications