गुजरात चुनाव को लेकर शरद गुट का बड़ा ऐलान, नीतीश की बढ़ाई मुश्किल
गुजरात चुनाव को लेकर शरद यादव गुट का बड़ा ऐलान
नई दिल्ली। शरद यादव के नेतृत्व वाला जनता दल यूनाइटेड (जदयू) गुट गुजरात विधानसभा में कांग्रेस और वामपंथी पार्टियों के साथ गठबंधन कर चुनाव में उतर सकता है। पार्टी नेता छोटूभाई वसावा ने इस बात का संकेत दिया है। वसावा ने सोमवार को कहा कि हम भाजपा को हराने के लिए महागठबंधन बनाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि वो कांग्रेस, सीपीआई, सीपीआई (एम) के साथ-साथ हार्दिक पटेल को भी गठबंधन में शामिल करने की कोशिश करेंगे। गुजरात मे इस साल के आखिर में चुनाव होंगे।

दो दिन पहले ही शरद यादव की अगुआई वाले जदयू गुट ने गुजरात से विधायक छोटू भाई वसावा को पार्टी का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया है। आपको बता दें कि बिहार में नीतीश कुमार के राजद से अलग होकर भाजपा के साथ जाने के बाद जदयू दो फाड़ हो गई है। एक गुट नीतीश कुमार के साथ है तो एक शरद यादव के साथ है। नीतीश गुट के भाजपा के साथ होने और शरद यादव के भाजपा के खिलाफ गंठबंधन के ऐलान के बाद गुजरात में नीतीश को परेशानी का सामना भी करना पड़ सकता है।
वसावा ने कहा कि भाजपा सरकार के जन-विरोधी फैसलों से जनता में गुस्सा है। उन्होंने कहा कि हम जीएसटी, नोटबंदी और मंहगाई जैसे मुद्दों पर जनता के बीच जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा विरोधी दलों को एक मंच पर लाना उनकी प्रमुखता है।
पढ़ें-जेडीयू विवाद: अध्यक्ष पद से हटाए गए नीतीश, छोटू भाई वसावा कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त












Click it and Unblock the Notifications