रतन टाटा के निधन पर दुखी हुए सचिन तेंदुलकर, अपनी खास मुलाकात को किया याद
दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा का निधन हो गया है। उनके निधन से पूरे देश में शोक की लहर है, हर कोई उनके साथ बिताए गए पल, अनुभवों को साझा करके उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने भी रतन टाटा के साथ मुलाकात की थी और उनके साथ अपने अनुभव को साझा किया था। उन्होंने बताया था कि रतन टाटा से मिलना कितना खास था। रतन टाटा के निधन पर सचिन तेंदुलकर उनके घर पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
रतन टाटा के निधन पर दुख जाहिर करते हुए सचिन तेंदुलकर ने उनके साथ मुलाकात की अपनी तस्वीर इंस्टाग्राम पर शेयर की है। जिसमे उन्होंने लिखा, जिंदा रहते हुए और मृत्यु के बाद भी श्री रतन टाटा ने देश को प्रभावित किया है। मैं भाग्यशाली था कि मैंने उनके साथ समय बिताया, लेकिन लाखों लोग, जिन्होंने उन्हें कभी नहीं देखा, वही दुःख महसूस कर रहे हैं जो मैं आज महसूस कर रहा हूं। ऐसा उनका प्रभाव था।

जानवरों के प्रति उनके प्रेम से लेकर परोपकार तक, उन्होंने दिखाया कि सच्ची प्रगति तभी संभव है जब हम उन लोगों की परवाह करें जिनके पास अपनी देखभाल करने के साधन नहीं हैं। आपकी आत्मा को शांति मिले, आपकी विरासत आपके द्वारा स्थापित संस्थानों और मूल्यों के जरिए आगे भी बरकरार रहेगी।
सचिन तेंदुलकर ने जब रतन टाटा से मुलाकात की थी तो उनके साथ बिताए गए पल का अनुभव सोशल मीडिया पर शेयर किया था। उन्होंने लिखा था, यह यादगार रविवार था। रतन टाटा के साथ कुछ समय बिताने का मौका मिला।
हमने एक दूसरे के साथ ऑटोमोबाइल के प्रेम के बारे में बात की, समाज को कुछ लौटाने के अपने आश्वासन पर चर्चा की, जानवरों के प्रति प्रेम और डॉग लव के बारे में बात की। इस तरह की चर्चा अमूल्य होती है, जो हमें हमारे प्रेम और जीवन में इसके प्रभाव के असर को दर्शाती है। यह ऐसा दिन है जिसे मैं हमेशा मुस्कुराते हुए याद करूंगा।












Click it and Unblock the Notifications