शादी के बाद पहली बार सपना चौधरी ने शेयर की Family Photo, मौका भी था बेहद खास
हाल ही में वीर साहू ने फेसबुक लाइव करते हुए बताया था कि वो और सपना चौधरी पिछले चार साल से डेट कर रहे थे।
नई दिल्ली। Sapna Choudhary latest news. हरियाणा की सुपर स्टार डांसर और रिएलिटी शो बिग बॉस की पूर्व कंटेस्टेंट सपना चौधरी इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। दरअसल सपना चौधरी ने इसी साल जनवरी में अपने ब्वॉयफ्रेंड वीर साहू के साथ शादी की थी, लेकिन किसी कारण से उन्होंने इस शादी को सार्वजनिक नहीं किया। इसके बाद जब पिछले दिनों उनके मां बनने की खबर मीडिया में आई, तब उनकी शादी के बारे में उनके फैंस को पता चला। हाल ही में सपना चौधरी ने अपने बच्चे के साथ एक तस्वीर इंस्टाग्राम पर पोस्ट भी की थी। अब सपना ने अपने पति वीर साहू के साथ अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं।

वीर साहू के जन्मदिन पर सपना ने शेयर की तस्वीरें
दरअसल, गुरुवार को सपना चौधरी के पति वीर साहू का जन्मदिन था और सपना ने बर्थडे सेलिब्रेशन की तस्वीरें अपनी इंस्टा स्टोरी में शेयर की हैं। इन तस्वीरों में वीर साहू के चेहरे पर केक लगा है और सपना चौधरी ने कैप्शन में लिखा है- 'मेरे किंग वीर साहू, तुम्हें जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं'। तस्वीरों में वीर साहू की गोद में दोनों का बेटा भी है।

बेटे की तस्वीर के साथ लिखा खास मैसेज
गौरतलब है कि सपना चौधरी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। इससे पहले बुधवार को सपना चौधरी ने अपने बेटे के साथ अपनी एक तस्वीर इंस्टाग्राम पर शेयर की थी। इस तस्वीर के साथ सपना ने कैप्शन में लिखा, 'हजारों साल नर्गिस अपनी बेनूरी पे रोती है, बड़ी मुश्किल से होता है चमन में दीदावर पैदा'। सपना और उनके बेटे की इस तस्वीर पर फैंस ने कमेंट कर उन्हें शुभकामनाएं भी दीं।

कौन हैं वीर साहू
वीर साहू हरियाणा के ही रहने वाले हैं और एक जाने-माने सिंगर-कंपोजर हैं। हाल ही में वीर साहू ने एक्टिंग की दुनिया में भी अपने करियर की शुरुआत की है। 'देवदास', 'शिबा की रानी' और 'खलनायक' वीर साहू के सबसे चर्चित म्यूजिक वीडियो हैं। इसके अलावा वीर ने खुद भी कई गाने लिखे हैं। हरियाणवी फिल्म 'गांधी फेर आ गया' में वीर साहू ने लीड रोल किया था। हाल ही में वीर साहू ने फेसबुक लाइव करते हुए बताया था कि वो और सपना चौधरी पिछले चार साल से डेट कर रहे थे।

सपना भी दे चुकी हैं बॉलीवुड में दस्तक
अपने डांस के जरिए हरियाणा-पंजाब सहित वेस्ट यूपी में धमाल मचाने वालीं सपना चौधरी भी बॉलीवुड में कदम रख चुकी हैं। पिछले दिनों उनकी फिल्म 'दोस्ती के साइड इफेक्ट्स' बड़े पर्दे पर रिलीज हुई थी। इसमें सपना चौधरी ने एक पुलिस ऑफिसर की भूमिका निभाई और उनके अलावा नील मोटवानी, विक्रांत आनंद, टीवी एक्टर जुबैर खान सहित एक्ट्रेस अंजू जाधव भी फिल्म में थीं। हालांकि उनकी फिल्म बड़े पर्दे पर कोई खास कमाल नहीं कर पाई।












Click it and Unblock the Notifications