'घपले किधर हो रहे, हमें पता है, सुराग चाहिए तो...', संजय सिंह पर रेड को लेकर क्या बोले संजय राउत?
Sanjay Singh ED case: आम आदमी पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह के घर पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी को लेकर सियासी बवंडर उठ गया है। विपक्ष के नेताओं ने इस छापेमारी को आपातकाल से जोड़ते हुए कहा है कि केंद्र सरकार अपने खिलाफ उठने वाली हर आवाज का दमन कर रही है।
वहीं, ईडी की इस रेड को लेकर उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना के सांसद संजय राउत का भी बयान सामने आया है। संजय राउत ने केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पूछा कि भाजपा शासित राज्यों में छापेमारी क्यों नहीं होती?

मीडिया से बात करते हुए संजय राउत ने कहा, 'आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह एक सांसद हैं और अपने समय के निर्भय पत्रकार रहे हैं। आज उनके घर में छापेमारी हो रही है। हमारे ऊपर छापेमारी होती है...महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और झारखंड में रेड होती है, लेकिन गुजरात, मध्य प्रदेश, असम और जहां-जहां भाजपा की सरकार है, उधर किसी एजेंसी की छापेमारी क्यों नहीं होती?'
'ये हद है तानाशाही की'
संजय सिंह ने भाजपा पर हमलावर होते हुए कहा, 'अगर केंद्रीय एजेंसियों को जानकारी चाहिए तो हम जानकारी देंगे कि किधर घपले हो रहे हैं। संजय सिंह के घर पर जिस तरह से ईडी की छापेमारी चल रही है, उससे मुझे लगता है कि यह तानाशाही की हद है।' आपको बता दें कि संजय सिंह के घर बुधवार सुबह ईडी की टीम पहुंची और छापेमारी की कार्रवाई की।
'डिप्रेशन में मोदी जी, चुनाव हारने जा रहे हैं'
वहीं, संजय सिंह के घर पर ईडी की रेड को लेकर आम आदमी पार्टी ने भी केंद्र सरकार को निशाने पर लिया है। पार्टी के विधायक सौरभ भारद्वाज ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'ये एक काल्पनिक घोटाला है। 1 हजार से ज्यादा रेड, 15 महीने लेकिन नतीजा शून्य। मोदी जी डिप्रेशन में हैं, वो चुनाव हारने जा रहे हैं, लेकिन आम आदमी पार्टी सवाल पूछती रहेगी। ना संजय सिंह के घर से कुछ मिला, ना ही कहीं ओर से। पिछली बार भी संजय सिंह जी के नाम की गड़बड़ी हुई थी, फिर भी उत्तर नहीं मिला।'












Click it and Unblock the Notifications