मायावती के बाद अब अखिलेश ने झटका कांग्रेस का 'हाथ', मध्य प्रदेश चुनाव को लेकर किया बड़ा ऐलान
भोपाल। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मध्य प्रदेश में कांग्रेस के साथ तालमेल ना हो पाने के चलते अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। पार्टी की ओर से कुछ सीटों पर उम्मीदवीरों के नाम की भी घोषणा कर दी गई है। हालांकि बसपा और कुछ अन्य पार्टियों से गठबंधन की बात यादव ने कही है। भारतीय जनता पार्टी के सामने मजबूत गठजोड़ बनाने की कोशिश में लगी कांग्रेस के लिए ये एक झटका है क्योंकि इससे पहले बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती भी कांग्रेस से अलग चुनाव लड़ने की बात कह चुकी हैं।

कांग्रेस के साथ नहीं लड़ेगी समाजवादी पार्टी
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को साफ कहा है कि उनकी पार्टी मध्य प्रदेश में अकेले चुनाव लड़ेगी। यादव ने कहा कि कांग्रेस का और इंतजार नहीं कर सकते वो मध्यप्रदेश में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी और बीएसपी से ही गठबंधन करेंगे। छत्तीसगढ़ में भी उन्होंने गोंडवाना गणतंत्र पार्टी और बीएसपी के साथ बातचीत चलने और गठबंधन होने की बात कही। सपा की ओर से मध्य प्रदेश की छह सीटों प्रत्यााशियों का नाम भी ट्विटर पर घोषित कर दिया है।

मायावती पहले की कह चुकी अलग होने की बात
इससे पहले बसपा प्रमुख मायावती भी ऐलान कर चुकी हैं कि उनकी पार्टी कांग्रेस के साथ मिलकर मध्य प्रदेश और राजस्थान में चुनाव नहीं लड़ेगी। दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन को लेकर काफी समय तक बात चल थी।मायावती ने कहा था कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी चाहते थे कि बसपा के साथ गठबंधन हो, मगर दिग्विजय सिंह और अन्य कई नेता नहीं चाहते थे कि बसपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन हो। छत्तीसगढ़ में भी मायावती अजीत जोगी की पार्टी के साथ लड़ रही हैं।

दिसंबर में होने हैं चुनाव
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, मिजोरम और तेलंगाना में विधानसभा चुनाव दिसंबर में होने हैं।। मुख्य चुनाव आयुक्त ओपी रावत ने शनिवार को ही तारीखों का ऐलान किया है। छत्तीसगढ़ में दो चरणों में और बाकी चारों राज्यों में एक-एक चरण में मतदान होगा। मध्य प्रदेश में 230 विधानसभा सीटों के लिए 28 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। सभी राज्यों में वोटों की गिनती 11 दिसंबर को होगी।












Click it and Unblock the Notifications