सूरत से जुड़े हैं सलमान खान के घर पर फायरिंग केस के तार! तापी नदी से बरामद बंदूक और कारतूस
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के मुंबई स्थित बंगले के बाहर कथित फायरिंग केस की जांच के तार गुजरात के सूरत से जुड़े। वारदात के 8 दिन बाद मुंबई क्राइम ब्रांच के हाथ अहम सुराग लगे हैं। पुलिस ने सोमवार को सूरत की तापी नदी से फायरिंग में इस्तेमाल की गई बंदूक और कुछ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। अब पुलिस को दूसरी बंदूक की तलाश है।
सूत्रों के मुताबिक, मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों विक्की गुप्ता (24) और सागर पाल (21) ने पुलिस पूछताछ के दौरान बताया था कि जब वे सूरत पहुंचने के बाद ट्रेन से भुज की ओर भाग रहे थे, तो उन्होंने हथियार को एक रेलवे पुल से तापी नदी में फेंक दिया था। दोनों ने कथित तौर पर 14 अप्रैल को मुंबई के बांद्रा इलाके में गैलेक्सी अपार्टमेंट में खान के घर के बाहर गोलीबारी की और फिर मोटरसाइकिल पर मौके से भाग गए।

हथियारों की तलाश में सूरत पहुंचे 'एनकाउंटर स्पेशलिस्ट'
सूरत पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत ने बताया कि मुंबई क्राइम ब्रांच टीम की एक टीम सलमान खान के आवास पर फायरिंग के लिए दो लोगों द्वारा इस्तेमाल की गई बंदूक को बरामद करने के लिए सूरत आई है। हमारी टीमें हथियार बरामद करने में मुंबई पुलिस की सहायता कर रही हैं। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि 'एनकाउंटर स्पेशलिस्ट' के नाम से मशहूर वरिष्ठ पुलिस इंस्पेक्टर दया नायक भी मुंबई क्राइम ब्रांच टीम के साथ मौजूद थे, जो स्थानीय गोताखोरों और मछुआरों की मदद से यहां तापी नदी के पानी में हथियार की तलाश में लगे थे।
मंदिर परिसर से दबोचे गए थे दोनों आरोपी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 16 अप्रैल को मुंबई और कच्छ पुलिस की संयुक्त टीमों ने गुजरात के भुज शहर के पास एक मंदिर परिसर से दो आरोपियों विक्की गुप्ता और सागर पाल पकड़ा गया था। बाद में उन्हें आगे की जांच के लिए मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया। गुप्ता और पाल 14 अप्रैल को मुंबई में खान के घर पर गोलीबारी के बाद सड़क मार्ग से सूरत पहुंचे थे।
सलमान के घर के बाहर फायरिंग से बिश्नोई का गहरा कनेक्शन
मुंबई पुलिस ने कहा है कि गुप्ता और पाल को कथित तौर पर कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के दो भाइयों से निर्देश मिल रहे थे। एक अधिकारी ने पहले कहा था कि लॉरेंस बिश्नोई एक अन्य मामले में गुजरात की साबरमती केंद्रीय जेल में बंद है। लेकिन, माना जाता है कि उसका भाई कनाडा या अमेरिका में है।












Click it and Unblock the Notifications