बरेली केस में नया मोड़, साक्षी-अजितेश को शख्स ने भेजे अभद्र मैसेज!
साक्षी मिश्रा के पति अजितेश कुमार ने यूपी पुलिस से शिकायत की है कि एक शख्स उन्हें सोशल मीडिया पर अभद्र मैसेज भेजकर परेशान कर रहा है।
नई दिल्ली। बरेली के भाजपा विधायक राजेश मिश्रा की बेटी साक्षी मिश्रा की शादी का मामला लगातार मीडिया की सुर्खियों में बना हुआ है। साक्षी ने परिवार की मर्जी के खिलाफ दलित युवक अजितेश से शादी की और फिर एक के बाद एक दो वीडियो जारी कर अपने पिता से दोनों की जान को खतरा बताया। हालांकि वीडियो सामने आने के बाद साक्षी के पिता राजेश मिश्रा ने कहा कि उन्हें इस शादी से कोई आपत्ति नहीं है, उनकी बेटी बालिग है और अपनी मर्जी से शादी कर सकती है। इसके बाद साक्षी और अजितेश ने हाईकोर्ट की शरण ली और कानूनी तरीके से शादी कर ली। अब इस मामले में एक और नया मोड़ आ गया है। दरअसल अजितेश कुमार ने यूपी पुलिस से शिकायत की है कि एक शख्स उन्हें सोशल मीडिया पर अभद्र मैसेज भेजकर परेशान कर रहा है।

अजितेश ने ट्विटर पर की यूपी पुलिस से शिकायत
साक्षी मिश्रा के पति अजितेश कुमार ने ट्विटर पर यूपी पुलिस से शिकायत की है कि कोई शख्स फेक आईडी बनाकर लगातार उन्हें परेशान कर रहा है। अजितेश ने ट्वीट करते हुए अपनी शिकायत में कहा है, 'यूपी पुलिस निवेदन है कि ये अभी शर्मा नाम का व्यक्ति जो ऐसे बहुत से शोशल साइट पर मेरे और साक्षी के मित्रजनों को और मेरे परिवार को और मिलने वालों को रोज मैसेज करता है। इसने और भी कई प्रकार की फेक प्रोफाइल बना रखी है खुद को क्राइम ब्रांच में बताता है। 8909719666 इसका नंबर है। इस व्यक्ति का मोबाइल नंबर भी मेंशन कर दिया है मैंने।'

'खुद को क्राइम ब्रांच का बताता है शख्स'
अपनी शिकायत में अजितेश कुमार ने अगले ट्वीट में लिखा है, 'यूपी पुलिस, यूपी डीजीपी, केशव प्रसाद मौर्य हाथ जोड़कर निवेदन है कि इस पर उचित कार्यवाही हो क्योंकि ये आपत्तिजनक मैसेज करता है। ये फेसबुक पर अभी शर्मा नाम से है, खुद को क्राइम ब्रांच का बताता है। संपर्क सूत्र +918909719666 है। ये सभी पारिवारिक लोगों को मैसेज करके अनाप शनाप बातें करता है। सर मामला शांत नही होने दे रहे ऐसे लोग, कृपया कोई एक्शन लीजिए।' अजितेश ने एक और ट्वीट करते हुए लिखा है, 'महोदय निवेदन है कि सुरक्षा की दृष्टि से मैं और साक्षी बरेली नहीं जा पा रहे हैं, वरना लिखित शिकायत अवश्य करते। मथुरा पुलिस अभियुक्त खुद को मथुरा का निवासी बताता है।'

बरेली से बाहर रह रहे हैं साक्षी-अजितेश
आपको बता दें कि दलित युवक से शादी और उसके बाद वायरल वीडियो के जरिए चर्चा में आई बरेली के भाजपा विधायक राजेश मिश्रा की बेटी साक्षी मिश्रा और उनके पति को हाईकोर्ट के निर्देश के बाद पुलिस सुरक्षा प्रदान कर दी गई थी। साक्षी ने साफ तौर पर कह दिया थी कि उसे अपनी मर्जी से अपना जीवन साथी चुनने का अधिकार है और वो किसी से भी डरने वाली नहीं है। इसके बाद दोनों ने कोर्ट में कानूनी तरीके से शादी की। हालांकि साक्षी और अजितेश अभी तक बरेली में अपने घर नहीं गए हैं और बाहर ही कहीं रह रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications