PAK क्रिकेटर वसीम अकरम ने मांगी सचिन के लिए दुआ,कहा- 'उम्मीद है कोविड19 के भी छक्के छुड़ा देगा तेंदुलकर'
मुंबई। 'गॉड ऑफ इंडियन क्रिकेट' कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर इस वक्त कोरोना महामारी की चपेट में हैं, वो आज मुंबई के अस्पताल में भर्ती हुए हैं। ये जानकारी सचिन ने खुद ही ट्वीट के जरिए लोगों को दी है। सचिन ने ट्विटर पर लिखा है कि 'डॉक्टरों की सलाह पर अस्पताल में भर्ती हो रहा हूं, चिंता की बात नहीं है, जल्द ही घर लौटूंगा, आपके प्यार और दुआओं के लिए शुक्रिया।'

'उम्मीद है कोविड 19 के भी छक्के छुड़ा दोगे'
सचिन के अस्पताल जाने से उनके फैंस बुरी तरह से परेशान हो गए हैं, लोग उनके लिए दुआएं मांग रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और दिग्गज तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने भी सचिन के लिए ऊपर वाले से प्रार्थना की है। उन्होंने Tweet के जरिए सचिन के जल्दी ठीक होने की कामना की है।

अकरम ने मांगी सचिन के लिए दुआ
उन्होंने ट्विटर पर लिखा है कि मुझे पूरी उम्मीद है कि सचिन, कोविड 19 के भी छक्के छुड़ा देंगे और उसे भी वैसे बाउंड्री बाहर भेज देंगे, जैसे कि वो दुनिया के बेस्ट बॉलरों की बॉल पर 16 साल की उम्र में करते थे। जल्दी ठीक हो जाओ मास्टर।

'अस्पताल के कर्मचारियों के साथ जश्न मनाओगे'
वसीम ने आगे ये भी लिखा है कि मुझे पता है कि आप डॉक्टरों और अस्पताल के कर्मचारियों के साथ भारत की वर्ल्ड कप 2011 की सालगिरह भी मनाओगे, मुझे एक तस्वीर जरूर भेजना। वसीम अकरम का ये ट्वीट इस वक्त सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आपको बता दें कि आज से 10 साल पहले भारत विश्वकप विजेता बना था। सचिन ने भारत की जीत के बाद कहा था कि आज मेरा सपना पूरा हो गया, अब मुझे ऊपर वाले से किसी भी चीज की कामना नहीं है।

10 साल पहले भारत बना था विश्वविजेता
इंडियन टीम ने भी विश्वकप की जीत को सचिन तेंदुलकर के 21 साल के बेदाग करियर को समर्पित की थी। जीत के बाद पूरी इंडियन क्रिकेट टीम ने सचिन को कंधे पर बैठाकर पूरे स्टेडियम का चक्कर लगाया था। विश्नकप के मैच के दौरान भारत ने पाकिस्तान को रोमांचक मैच में हराया था, उस हार को पाकिस्तानी टीम आज भी नहीं भूले हैं, वो मैच मोहाली में हुआ था।
27 मार्च को सचिन तेंदुलकर कोरोना संक्रमित निकले थे
आपको बता दें कि सचिन के ट्वीट के बाद उनके परिवार की ओर से भी बयान जारी करके कहा गया है कि वो बेहतर स्थिति में हैं लेकिन डॉक्टरों के कहने पर उन्हें अस्पताल में शिफ्ट किया गया है, परेशान होने की कोई बात नहीं है। मालूम हो कि 27 मार्च को सचिन तेंदुलकर कोरोना संक्रमित निकले थे, उसके बाद वो 6 दिन तक होम क्वाराटाइंन में थे।












Click it and Unblock the Notifications