कांग्रेस में बागी तेवर दिखा चुके सचिन पायलट का बयान, 'बीजेपी ज्वॉइन करने के बारे में कभी नहीं सोचा'
नई दिल्ली, फरवरी 15। एक समय राजस्थान कांग्रेस में बागी तेवर दिखाने वाले सचिन पायलट ने भाजपा ज्वॉइन करने की अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है। एक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में सचिन पायलट ने कहा कि उन्होंने कभी बीजेपी ज्वॉइन करने के बारे में सोच भी नहीं है। दरअसल, सचिन पायलट ने राजस्थान में उस वक्त बागी तेवर दिखाए थे, जब 2020 में उन्होंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का विरोध करने वाले विधायकों के गुट का नेतृत्व किया था। इसके अलावा उन्हें राजस्थान में सीएम का दावेदार भी कहा गया था, लेकिन कांग्रेस ने अशोक गहलोत को सीएम बना दिया था।

'100 बार पूछा जा चुका है बीजेपी को लेकर सवाल'
इन घटनाक्रमों के बाद से ही सचिन पायलट को लेकर ये अटकलें लगातार मीडिया की सुर्खियां बनी कि वो कांग्रेस हाईकमान से नाराज हैं और बीजेपी ज्वॉइन कर सकते हैं, लेकिन उन्होंने इन अटकलों को खारिज कर दिया है। बीजेपी में जाने को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए सचिन पायलट ने कहा कि जब भी कोई युवा नेता कांग्रेस पार्टी को छोड़कर जाता है तो उससे यही सवाल किया जाता है कि वो बीजेपी कब ज्वॉइन करेगा? सचिन पायलट ने कहा कि मुझसे से भी ये सवाल 100 बार पूछा जा चुका है
जब कोई पार्टी छोड़ता है तो वो उसका व्यक्तिगत निर्णय होता है
किसी युवा नेता के कांग्रेस छोड़कर जाने को लेकर पूछे गए सवाल पर सचिन पायलट ने कहा कि जब भी कोई नेता कांग्रेस पार्टी छोड़कर जाता है तो वो उसका व्यक्तिगत निर्णय होता है, मैं अपनी बात करूं तो मैं पार्टी के 20 साल से मेहनत कर रहा हूं और पार्टी ने मुझे राजस्थान, दिल्ली में संसद में और पंजाब में जो भी काम दिया है, वो मैंने किया है। सचिन पायलट ने आगे कहा कि 2020 में चीजें थोड़ी सी खराब हुई थीं, लेकिन हमने पार्टी नेताओं से मुलाकात की और हमारी चिंताओं को सुना गया और एक समिति बनाई गई।
2020 में BJP नेताओं के साथ संपर्क में थे सचिन पायलट?
आपको बता दें कि सचिन पायलट पिछले 2 साल से राजस्थान की सियासत में चर्चा का विषय बने रहे हैं। दरअसल, जुलाई 2020 में सचिन पायलट 25 विधायकों के गुट के साथ दिल्ली गए थे। उस वक्त ये माना गया था कि वो केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत समेत कई भाजपा नेताओं के संपर्क में हैं और बीजेपी ज्वॉइन कर सकते हैं। हालांकि सचिन पायलट ने इन खबरों को गलत बताया है।












Click it and Unblock the Notifications