VIDEO: दिल्ली सचिवालय में हंगामा, कर्मचारियों ने मंत्री इमरान हुसैन को घेरा, भीड़ ने कहा मारो-मारो
आम आदमी पार्टी के नेता आशीष खेतान के आरोप के बाद सचिवालय में पुलिस की तैनाती कर दी गई है
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्य सचिव से बदसलूकी पर विवाद गहराता जा रहा है। दिल्ली के चीफ सेक्रेटरी अंशु प्रकाश ने गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर मामले की जानकारी दी है। उधर आम आदमी पार्टी के नेता आशीष खेतान ने आरोप लगाया कि कुछ कर्मचारियों ने सचिवालय में आकर उनके साथ मारपीट की है। कर्मचारियों ने मंत्री इमरान हुसैन को भी भीड़ ने घेर लिया था। पहले फ्लोर पर मंत्री इमरान हुसैन के साथ धक्कामुक्की करने की कोशिश की गई। इसमें मंत्री हुसैन के एक सहयोगी को चोट लगने की खबरें हैं।
आम आदमी पार्टी के नेता आशीष खेतान के आरोप के बाद सचिवालय में पुलिस की तैनाती कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक कर्मचारियों ने मंत्री हुसैन और आशीष खेतान को सचिवालय में घेर लिया था। भीड़ से मारो-मारो की आवाज भी आ रही थी। इससे पहले मुख्य सचिव अंशु प्रकाश ने AAP के विधायक पर सीएम हाउस में अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में अपने साथ मारपीट का आरोप लगाया है। हालांकि सीएम कार्यालय ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है।
आम आदमी पार्टी के दो विधायकों पर दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल के आवास पर चीफ सेक्रेटरी अंशु प्रकाश से बदसलूकी और मारपीट के आरोप लगाने के बाद दिल्ली प्रशासनिक अधीनस्थ सेवा संघ हड़ताल पर चला गया है। दिल्ली सबऑर्डिनेट सर्विसेज प्रेसीडेंट डीएन सिंह ने कहा है कि दिल्ली के चीफ सेक्रेटरी अंशु प्रकाश के साथ जो हुआ वो चौंकाने वाला है। उन्होंने कहा कि हम तत्काल प्रभाव से हड़ताल पर जा रहे हैं, जब तक मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, हम काम पर नहीं लौटेंगे। उन्होंने कहा कि इस तरह का मामला हाल के सालों में कभी सामने नहीं आया, हमने इसको लेकर उपराज्यपाल से मामले की शिकायत की है। आईएएस एसोसिएशन की सेक्रेटरी मनीषा सक्सेना ने इसको लेकर कहा है कि अफसरों के साथ मारपीट हुई है, इसको लेकर उपराज्यपाल से शिकायत की गई है। उन्होंने कहा कि इस तरह का मामला तो कभी सामने नहीं आया था।












Click it and Unblock the Notifications