RSS संचालित स्कूल में बच्चों ने किया बाबरी विध्वंस का प्रदर्शन, चार के खिलाफ मामला दर्ज
बेंगलुरू। कर्नाटक में आरएसएस संचालित एक स्कूल में बच्चों से बाबरी मस्जिद विध्वंस का प्रदर्शन कराने का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। जब मामले ने तूल पकड़ लिया, तब पुलिस ने स्कूल प्रशासन के चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। बच्चों से सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत ये प्रदर्शन करवाया गया था। ये स्कूल आरएसएस के एक नेता का है। स्कूल का नाम श्रीराम विद्या केंद्र है।
Recommended Video

बंटवाल इलाके का है मामला
मामला दक्षिण कन्नड़ जिले के बंटवाल इलाके का है। घटना के वीडियो में दिखाई दे रहा है कि छात्र वार्षिक दिवस के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में नाटक का मंचन कर रहे हैं। इस दौरान वह बाबरी मस्जिद का पोस्टर फाड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसके बैकग्राउंड में जय श्रीराम के नारे लगाए जा रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री भी हुए शामिल
इस दौरान जब 'बोलो जय रामचंद्र की', 'बोलो भारत माता की जय' और 'बोलो बजरंग बली की जय' के नारे लगते हैं, तो हजारों की संख्या में छात्र भागते हुए बाबरी मस्जिद के पोस्टर की ओर जाते हैं और उसे फाड़ देते हैं। पोस्टर को फाड़ने के बाद छात्र कहते हैं 'जय'। फिर वह उसी स्थान पर राम मंदिर की आकृति भी उभारते हैं। समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री सदानंद गौड़ा और पुडुचेरी की राज्यपाल किरण बेदी भी मौजूद थीं।

कांग्रेस ने कार्रवाई की मांग की
कांग्रेस ने इसपर कार्रवाई की मांग की। भारतीय युवा कांग्रेस के नेता वाईबी श्रीवास्तव ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में स्कूल प्रशासन पर सांप्रदायिक और धार्मिक नफरत फैलाने का आरोप लगाया गया है। इसमें कहा गया है कि ये देखना दुखद है कि छात्रों को इस तरह की हिंसा में शामिल होने के लिए उकसाया जा रहा है। साथ ही एक एफआईआर पीएफआई कार्यकर्ता अबूबकर सिद्दिकी ने भी दर्ज करवाई है। जो उसी इलाके में रहते हैं, जहां ये स्कूल स्थित है।












Click it and Unblock the Notifications