प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए ये है RSS का प्लान
नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित अपने स्वयंसेवकों की एक विशेष शाखा बना सकता है। हाल की केरल बाढ़ का जिक्र करते हुए आरएसएस सरसंघचालक मोहन भागवत का मानना है कि संगठन प्रशिक्षित लोगों का ऐसा एक समूह बनाने पर विचार कर सकता है। फिलहाल आरएसएस कार्यकर्ताओं को इस क्षेत्र में प्रशिक्षित नहीं किया गया है, हालांकि वो देश भर में राहत कार्य करते रहे हैं, चाहे वो केरल या बिहार में बाढ़ हो, गुजरात या उत्तराखंड में भूकंप या ऐसी कोई अन्य परिस्थितियां जहां मानव जीवन संकट में हो आरएसएस के स्वयंसेवक मदद करते हैं।

दिल्ली में चल रहे "भारत का भविष्य: एक आरएसएस परिप्रेक्ष्य" कार्यक्रम में बोलते हुए संघ प्रमुख भागवत ने बताया कि संगठन के पास प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए कुछ खास नहीं है। हमारे पास खास तरह का प्रशिक्षण नहीं है लेकिन अब हम इस पर विचार कर रहे हैं। हालांकि आरएसएस के सूत्रों ने किसी और जानकारी का खुलासा करने से इनकार कर दिया लेकिन आरएसएस के देश भर में 50 से अधिक संगठन हैं जो विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहे हैं। इनमें शिक्षा, आर्थिक, जनजातीय, संस्कृति और कई अन्य क्षेत्र शामिल हैं। ये वो क्षेत्र है जहां आरएसएस लंबे समय से काम कर रहा है और बिना किसी प्रशिक्षण के भी प्राकृतिक आपदा के वक्त प्रभावित लोगों की मदद के लिए पहुंचता है।

अब इस तरह की किसी परिस्थिति निपटने के लिए संघ एक नए संगठन का ढांचा खड़ा कर सकता है। इसमें लोगों को प्राकृतिक आपदाओं से निपटने और उस दौरान क्या किया जा सकता है उसकी खास तरह की ट्रेनिंग दी जाएगी। केरल बाढ़ में मदद के दौरान कुछ आरएसएस कार्यकर्ताओं की मौत की भी सूचना मिली थी।
ये भी पढ़ें:- बिहार में कौन लड़ेगा कितनी लोकसभा सीटें, सामने आई अंदर की बात












Click it and Unblock the Notifications