आरएसएस की इफ्तार पार्टी रोकने को महाराष्ट्र गवर्नर और सीएम को चिट्ठी
मुंबई। मुंबई में सोमवार शाम आरएसएस की शाखा मुस्लिम राष्ट्रीय मंच की ओर से दी जाने वाली इफ्तार पार्टी को रोकने के लिए महाराष्ट्र के गवर्नर विद्यासागर राव और सीएम देवेंद्र फड़नवीस से अपील की गई है। आरटीआई कार्यकर्ता और एडवोकेट आदिल खत्री और शकील अहमद ने सीएम और गवर्नर से सहयाद्रि गेस्ट हाउस में आयोजित होने वाली इस पार्टी को रोकने के लिए चिट्ठी लिखी है। चिट्ठी में कहा गया है कि इस गेस्ट हाउस में सरकार के ऑफिसियल काम ही किए जा सकते हैं, इस तरह का धार्मिक जमावड़ा या पब्लिक मीटिंग यहां नहीं होनी चाहिए।

आयोजन स्थल पर नहीं है ऐसे आयोजन की अनुमति
इन कार्यकर्ताओं ने अपनी बात के तर्क में कहा है कि 2015 में स्टेट जनरल एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट ने सरकार के सभी विभागों को पब्लिक मीटिंग और वर्कशॉप ना करने के आदेश दिए हैं, ऐसे में ये इफ्तार पार्टी कैसे हो सकती है। इस शिकायत में प्रोटोकॉल विभाग के अधिकारियों की भूमिका की जांच करने के आदेश दिए हैं, जिन्होंने मुस्लिम राष्ट्रीय मंच को इफ्तार पार्टी आयोजित करने के लिए अनुमति दी।

पार्टी में बुलाए गए हैं कई जाने-माने लोग
आरएसएस ने रमजान के मौके पर सोमवार को मुंबई में इफ्तार पार्टी का आयोजन रखा है। 4 जून को सहयाद्रि गेस्ट हाउस में आयोजित होने वाली इस पार्टी में 30 इस्लामिक देशों के राजनयिकों और मुस्लिम संगठनों से जुड़े सैकड़ों लोगों को बुलाया गया है। इसमें हिन्दू और दूसरे धर्म के लोग भी काफी तादाद में बुलाए गए हैं।

कई मुस्लिम संगठनों ने किया विरोध
कई मुस्लिम संगठन के लोगों ने इस इफ्तार पार्टी का विरोध किया है और इसमें ना जाने का ऐलान किया है। एमआरएम के राष्ट्रीय संयोजक विराग पचपोरे के मुताबिक इस आयोजन का मकसद मुस्लिमों के बीच आरएसएस के बारे में फैलाई गई भ्रांतियों को खत्म करना है।












Click it and Unblock the Notifications