RS bypolls: राज्यसभा की 12 सीटों पर उपचुनाव में सभी उम्मीदवार जीते निर्विरोध, NDA को 11 पर मिली जीत
Rajya Sabha by-Polls: राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) मंगलवार को राज्यसभा में बहुमत के आंकड़े पर पहुंच गया है। 11 सीटों पर जीत के साथ एनडीए 112 सीटों पर पहुंच गया है। मंगलवार (27 अगस्त) को 9 राज्यों की 12 सीटों पर होने वाले उपचुनाव से पहले ही सभी उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए हैं।
दरअसल, कई राज्यसभा सदस्यों ने इस बार लोकसभा चुनाव लड़कर जीत हासिल की है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, सर्बानंद सोनोवाल और ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित मौजूदा सदस्यों के लोकसभा के लिए चुने जाने के बाद खाली हुई 12 सीटों के लिए उपचुनाव हुए।

ऐसे में निर्विरोध चुने गए सदस्यों में बीजेपी के 9 और सहयोगी दलों के दो सदस्य निर्विरोध चुने गए। साथ ही कांग्रेस का एक सदस्य निर्वाचित हुआ है। सभी उम्मीदवार असम, बिहार और महाराष्ट्र की दो-दो सीटों पर और हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, त्रिपुरा, तेलंगाना व ओडिशा की एक-एक सीट पर जीते हैं।
जानिए कौन कहां से जीता चुनाव?
भाजपा से असम से मिशन रंजन दास और रामेश्वर तेली, बिहार से मनन कुमार मिश्रा, हरियाणा से किरण चौधरी, मध्य प्रदेश से केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन, महाराष्ट्र से धैर्यशील पाटिल, ओडिशा से ममता मोहंता, राजस्थान से रवनीत सिंह बिट्टू और त्रिपुरा से राजीव भट्टाचार्य राज्यसभा के लिए चुने गए।
एनडीए के सहयोगियों में एनसीपी के अजित पवार गुट के नितिन पाटिल ने एक सीट हासिल की, जबकि राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाह बिहार से निर्विरोध चुने गए।
कांग्रेस को मिली एक सीट
वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी भी तेलंगाना से राज्यसभा के लिए चुने गए, जिससे उच्च सदन में विपक्ष के इंडी ब्लॉक की संख्या 85 हो गई।
उपचुनाव के नतीजों के साथ राज्यसभा में भाजपा की ताकत बढ़कर 96 सदस्यों की हो गई है, जबकि एनडीए के पास अब 112 सीटें हैं।
राज्यसभा में वर्तमान में आठ सीटें खाली हैं, जिनमें से चार जम्मू-कश्मीर से और चार मनोनीत सदस्यों के लिए हैं, जिससे 245 सदस्यीय सदन में बहुमत का आंकड़ा 119 हो जाता है।
3 सितंबर को होना था चुनाव
आपको बता दें कि राज्यसभा उपचुनाव के लिए मतदान 3 सितंबर को सुबह नौ बजे से चार बजे तक और उसी शाम पांच बजे से मतगणना होनी थी, जिसके बाद रात तक नतीजे सामने आते, लेकिन नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख यानी 27 अगस्त को सभी 12 सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए।












Click it and Unblock the Notifications