पहले टिकट लौटाया फिर रोहन गुप्ता ने छोड़ दी कांग्रेस पार्टी, कहा- 'वरिष्ठ नेता अपमान और चरित्र हनन कर रहे थे'
Rohan Gupta Resign: लोकसभा चुनाव-2024 के पहले कांग्रेस को फिर से झटका लगा है। कांग्रेस के रोहन गुप्ता ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। रोहन गुप्ता को कांग्रेस ने अहमदाबाद ईस्ट से लोकसभा का उम्मीदवार बनाया था।
रोहन गुप्ता ने इससे पहले खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए 16 मार्च 2024 को अहमदाबाद ईस्ट लोकसभा सीट से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ने से मना कर दिया था। अब उन्होंने इस्तीफा दे दिया है। कांग्रेस ने रोहन गुप्ता को 12 मार्च को अहमदाबाद पूर्व सीट से प्रत्याशी बनाया था।

Rohan Gupta: कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पर रोहन गुप्ता ने लगाए गंभीर आरोप
रोहन गुप्ता ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पर अपमान और चरित्र हनन का गंभीर आरोप लगाते हुए पार्टी से इस्तीफा दिया है। रोहन गुप्ता ने इस्तीफा पत्र में लिखा है कि,
''मैं तत्काल प्रभाव से कांग्रेस पार्टी के सभी पदों और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देता हूं। मैं दुख के साथ आप लोगों को बता रहा हूं कि बीते दो सालों में पार्टी के संचार विभाग से जुड़े एक वरिष्ठ नेताओं द्वारा लगातार अपमान और चरित्र हनन किया जा रहा है। अब मैं व्यक्तिगत संकट के समय में इस्तीफा देने को मजबूर हूं।''
रोहन गुप्ता कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता भी रह चुके हैं। गुप्ता के करीबी सूत्रों ने कहा कि ''अभी किसी पार्टी में शामिल होने की कोई योजना नहीं है।''
रोहन गुप्ता ने कहा है कि, ''जब मैं अपने पिता के गंभीर स्वास्थ्य मुद्दों से जूझ रहा हूं और जीवन के सबसे बुरे दौर से गुजर रहा हूं, तब कुछ गुजरात और राष्ट्रीय स्तर पर अपने करीबी सहयोगियों के समर्थन से पिछले तीन दिनों से फिर से मेरे खिलाफ अपमानजनक अभियान चला रहे हैं।''
रोहन गुप्ता ने कहा, ''मेरे पिता फिलहाल बिस्तर पर हैं और मुझे इतना कठोर फैसला लेना पड़ा रहा है। मैं अब इसे और नहीं सह सकता था। मैंने रात 2 बजे इस्तीफा देने और यह पत्र डालने का फैसला किया है।'' रोहन गुप्ता के पिता राजकुमार गुप्ता एक पूर्व कांग्रेस नेता हैं, जिन्होंने पार्टी की अनुशासन समिति के सदस्य के रूप में कार्य किया है।












Click it and Unblock the Notifications