लाल कृष्ण आडवाणी के ब्लॉग पर रॉबर्ट वाड्रा ने लिखा फेसबुक पोस्ट
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने जिस तरह से ब्लॉग लिखकर राष्ट्रहित को पार्टी से सर्वोपरि बताया और अपने मन की बात जाहिर की उसपर लगातार राजनीति हो रही है। एक तरफ जहां पीएम मोदी ने आडवाणी की तारीफ की तो दूसरी तरफ विपक्ष के नेता आडवाणी के ब्लॉग को लेकर भाजपा पर निशाना साध रहे हैं। राहुल गांधी के जीजा और प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा ने भी इस आडवाणी के ब्लॉग पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की है।

पार्टी ने अहम स्तंभ को भुला दिया
रॉबर्ट वाड्रा ने फेसबुक पर एक पोस्ट लिखकर कहा है कि यह देखना दुखद है कि कैसे पार्टी के इतन महत्वपूर्ण व्यक्ति को भूला दिया गया। पार्टी के सबसे अहम स्तंभ को पार्टी ने भुला दिया। जो सच में मूल्यों वाला नेता होता है वह ऐसे लोगों को भुलाता नहीं बल्कि उन्हें सम्मानित करता है। बता दें कि लाल कृष्ण आडवाणी गुजरात के गांधी नगर लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद हैं। भारतीय जनता पार्टी ने इस बार उन्हें टिकट नहीं दिया है। उनकी जगह गांधीनगर सीट से भाजपा अध्यक्ष अमित शाह चुनाव लड़ेंगे।

भाजपा पर साधा निशाना
रॉबर्ट वाड्रा ने लिखा कि हमे ऐसे नेताओं को रास्ते से नहीं हटाना चाहिए, यह सम्मानित कदम नहीं है, अगर आप वरिष्ठ लोगों की कीमत नहीं समझते हैं और उनके अनुभव की कद्र नहीं करते हैं तो यह अच्छा नहीं है। मैंने हमेशा से आडवाणी जी का सम्मान किया है, वह विपक्ष के बेहतर नेता रहे हैं। यह देखना दुखद है कि कैसे उनकी ही पार्टी ने उन्हें भुला दिया। बता दें कि 2014 में भाजपा की जीत और मोदी-शाह की जोड़ी आने के बाद आडवाणी का कद और सक्रियता पार्टी में काफी कम हुई है।

आडवाणी की चुप्पी
गौरतलब है कि लाल कृष्ण आडवाणी ने पिछले पांच साल में किसी भी बड़ी राजनीतिक घटना पर अपनी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। पिछले पांच वर्षों में उन्होंने संसद में सिर्फ 365 शब्द कहे हैं, बावजूद इसके कि संसद में उनकी उपस्थिति 92 फीसदी है। बहरहाल देखने वाली बात यह है कि आने वाले लोकसभा चुनाव में आडवाणी की सीट से चुनाव लड़ रहे अमित शाह चुनाव में जीत दर्ज कर पाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications