Roadies फेम साकिब खान ने इस्लाम के लिए छोड़ी शोबिज इंडस्ट्री, बोले-'गुमराह हो गया था'
नई दिल्ली। मशहूर एमटीवी शो रोडीज रिवोल्यूशन फेम साकिब खान ने अपने फैंस को करारा झटका दिया है, दरअसल उन्होंने शो-बिजनेस यानी कि मनोरंजन की दुनिया को अलविदा कह दिया है। उन्होंने इसके पीछे इस्लाम यानी कि अपने धर्म को वजह बताया है। उन्होंने इस बारे में इंस्ट्रागाम पर लंबी पोस्ट लिखी है, जिसमें उन्होंने मनोरंजन की दुनिया से विदा लेने का ऐलान किया है और कहा है कि वो अभी तक गुमराह थे और इस्लाम के उसूलों के खिलाफ काम कर रहे थे लेकिन अब उन्हें अपनी गलती समझ आ गई है, जिसके कारण वो अपनी शो-लाइफ को छोड़ते हैं और अब वो खुदा के बताए नेकी के रास्ते पर आगे बढ़ेंगे।

साकिब खान ने इस्लाम के लिए छोड़ी शोबिज इंडस्ट्री
साकिब ने कहा है कि अब वो मॉडलिंग और एक्टिंग नहीं करेंगे क्योंकि उनका मजहब इस बात की इजाजत नहीं देता है। उनके लिए खुदा ने कुछ अलग रास्ते चुने हैं। साकिब ने आगे लिखा है कि ऐसा नहीं है कि मेरे पास इस वक्त काम नहीं था, बल्कि मेरे पास तो कुछ अच्छे प्रोजेक्ट थे, जिन पर मैं काम करना चाहता था लेकिन शायद ऊपरवाले ने मेरे लिए कुछ और ही सोच रखा है और इसलिए मैंने खुद को अल्लाह के हाथों में सौंपने का फैसला किया है।

'मायानगरी ने मुझे कम वक्त में बहुत कुछ दिया'
इसी के साथ ही साकिब खान ने अपने संंघर्ष के दिनों को याद करते हुए लिखा है कि मुंबई में लोगों को बहुत स्ट्रगल करना पड़ता है लेकिन मैं खुशनसीब हूं कि मायानगरी ने कम वक्त में मुझे बहुत कुछ दिया है। मैं अपने सभी फैंस का शुक्रगुजार हूं, जिन्होंने मुझे काफी मोहब्बत और शोहरत दी।
मैं इस्लाम और अपने खुदा से दूर था: साकिब
लेकिन इतना सबकुछ होने के बावजूद कहीं-कहीं ना कहीं मेरे जीवन में सूनापन था, मुझे सकून नहीं था, शायद इसकी वजह यह थी कि मैं अपने इस्लाम और खुदा से दूर था लेकिन अब कोई बेचैनी नहीं है। मुझे पता है कि मैं अब अपने खुदा के शरण में आ चुका हूं। जिंदगी के लिए लोग परेशान रहते हैं लेकिन सच तो ये है कि मेरी वो शोहरत अखिरात के लिए नहीं थी।

सना और जायरा ने भी छोड़ा ग्लैमर वर्ल्ड
आपको बता दें कि साकिब खान से पहले मॉडल-अभिनेत्री सना खान और एक्ट्रेस जायरा वसीम ने भी धर्म के लिए शो-बिज को अलविदा कह दिया था। सना खान ने तो मौलवी से शादी कर ली है तो वहीं जायरा वसीम वापस अपने कश्मीर लौट चुकी हैं।

'मैं कश्मीरी हूं और मैं कोई पत्थर फेंकने वाला नहीं हूं'
मालूम हो कि साकिन खान वैसे पेशे से अधिवक्ता हैं,उन्होंने शो रोडीज रिवोल्यूशन में अपनी एंट्री के वक्त कहा था कि 'हैलो मेरा नाम साकिब खान है, मैं कश्मीरी हूं और मैं कोई पत्थर फेंकने वाला नहीं हूं', तब से ही वो काफी चर्चित हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि वो मुंबई और एक्टिंग की दुनिया में इसलिए आए थे क्योंकि वो लोगों के अंदर कश्मीरियों को लेकर फैली नकारात्मकता को दूर करना चाहते थे। इसके अलावा साकिब खान ने फुटबॉल, पावर लिफ्टिंग और स्केटिंग में कई मेडल्स भी अपने नाम किए हैं।












Click it and Unblock the Notifications