राहुल गांधी के वंशवाद बयान पर भड़के ऋषि कपूर, कहा- 'परिवारवाद पर बकवास ना करें'
नई दिल्ली। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का बर्कले स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया में भाषण देना उनके लिए बवाल साबित हो रहा है। जहां बीजेपी नेता उनके भाषण की बालकी खाल निकाल रहे हैं वहीं दूसरी ओर सिने अभिनेता ऋषि कपूर ने भी राहुल गांधी की जमकर खिंचाई की है।
दरअसल फिल्मी दुनिया के चॉकलेटी ब्वॉय कहे जाने वाले ऋषि कपूर को राहुल गांधी की वंशवाद वाली बात चुभ गई। जिसके बाद उन्होंने ट्वीट के जरिए कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा।
हर जनरेशन को मेरिट के आधार पर जनता ने चुना है
ऋषि ने ट्वीट किया कि राहुल गांधी, भारतीय सिनेमा के 106 सालों में कपूर परिवार का योगदान 90 सालों का रहा है और हर जनरेशन को मेरिट के आधार पर जनता ने चुना है ना कि परिवारवाद के हिसाब से। ईश्वर की कृपा से हमारी चार पीढि़यां हैं, पृथ्वीराज कपूर, राज कपूर, रणधीर कपूर और रणबीर कपूर। इस सबके बावजूद आप इसे अन्यथा लेते हैं, परिवारवाद के बारे में बकवास न करें। आपको मेहनत से लोगों की इज्ज्त और प्यार पाना होगा, न कि जबर्दस्ती और गुंडागर्दी से।
जनता ने भी जवाब दिया
ऋषि कपूर के इस ट्वीट पर जनता ने भी जवाब दिया और लोगों ने भी राहुल गांधी के लिए काफी कुछ सोशल मीडिया पर लिखा। इनमें से कुछ लोग राहुल के पक्ष में थे तो कुछ ने ऋषि की बात को सही ठहराया।
हर राजनीतिक दल की समस्या
आपको बता दें कि बर्कले के भाषण पर राहुल गांधी ने कहा था कि उन्हें अक्सर वंशवाद और परिवारवाद के लिए कोसा जाता है। जो कि सही नहीं है। परिवारवाद हर राजनीतिक दल की समस्या है और ये सिर्फ मेरी बात नहीं है, अखिलेश और अभिषेक से लेकर धूमल तक देश ऐसे ही चल रहा है तो परिवार वाद के लिए मुझे कहना गलत है।

अमिताभ बच्चन के बेटे
राहुल गांधी ने यहां अभिषेक बच्चन के लिए भी ये बात कही जो कि उनके पिता राजीव गांधी के दोस्त और अभिनेता अमिताभ बच्चन के बेटे हैं। राहुल ने कहा था कि अभिषेक बच्चन भी डायनेस्ट हैं... भारत इस तरह से चल रहा है। इसलिए मेरा मतलब है... मुझ पर मत जाए... पूरा देश ऐसे चल रहा है।

वंशवाद की देन
लेकिनमैं कांग्रेस पार्टी में बदलाव चाहता हूं। अगर आप कांग्रेस पार्टी में देखें तो ऐसे बड़ी संख्या में लोग हैं, जो वंशवाद की देन नहीं हैं। कुछ ऐसे भी लोग हैं, जिनके पिता, दादा, दादी या परदादा राजनीति में रहे हैं। वे भी हैं। मैं इस बारे में कुछ कर नहीं सकता हूं।' राहुल ने कहा कि असली सवाल यह है कि जो शख्स है, क्या वह सक्षम है? क्या वह संवेदनशील है?












Click it and Unblock the Notifications