रिटायर्ड टीचर ने मंच पर गिनाईं मोदी सरकार की खामियां तो केंद्रीय मंत्री ने छीन ली माइक, कहा- ये क्या बेहूदगी है
नई दिल्ली। असम के नगांव जिले में एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय रेल राज्य मंत्री राजेन गोहेन ने एक रिटायर्ड शिक्षक से बदजुबानी का डाली। दरअसल हुआ ये कि रिटायर्ड शिक्षक ने कार्यक्रम में अपने इलाके में सड़कों की खराब हालत का मुद्दा उठा दिया। बस क्या था, सार्वजनिक मंच पर खस्ता हाल सड़क का मुद्दा उठाने के चलते मंत्री जी ने मंच पर ही रिटायर्ड शिक्षक को बुरी तरह डांट दिया। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री राजेन गोहेन ने शिक्षक से माइक छीन ली और डांटते हुए कहा 'ये क्या बेहूदगी है'। मंत्री ने टीचर पर सरकार को बदनाम करने के उद्देश्य से कार्यक्रम में आने का भी आरोप लगाया।

आपको बता दें कि नौगाव में स्वच्छ भारत मिशन को बढ़ावा देने के लिए एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में अधिकारियों के बोलने के बाद रिटायर्ड शिक्षक बोलने पहुंचे। रिटायर्ड शिक्षक ने सड़कों की खराब हालत का मुद्दा उठाते हुए कहा, 'आप सड़कों की असली हालत देखने के लिए मेरे साथ आ सकते हैं, इसके बाद आप फैसला कर सकते हैं कि मैं सच बोल रहा हूं या नहीं।' इससे नाराज मंत्री ने शिक्षक को बीच में रोकते हुए कहा , 'आप इस तरह के मुद्दे क्यों उठा रहे हैं? आपको इससे क्या फायदा मिलेगा? आप किसी गलत मकसद से आए हैं।'
उन्होंने कहा, 'अगर आपको कोई शिकायत थी तो आपको व्यक्तिगत रूप से मुझसे संपर्क करना चाहिए था, न कि जनता के सामने। यह क्या बेहूदगी है।' मंत्री जी की यह करतूत सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। वीडियो देख कर लोग खासा नाराज हो गए और मंत्री के घर के बाहर जमा हो गए। लोगों ने मांग की कि मंत्री शिक्षक से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगें। लेकिन इससे बेपरवाह गोहेन ने नगांव में संवाददाताओं से कहा , 'मुझे क्यों माफी मांगनी चाहिए?'












Click it and Unblock the Notifications