गणतंत्र दिवस पर साड़ियों से सजेगा कर्तव्य पथ, हर राज्य से आएंगी साड़ियां, देखने आएंगे 13,000 से अधिक लोग
भारत 26 जनवरी 2024 को 75वां गणतंत्र दिवस का जश्न मनाने जा रहा है। गणतंत्र दिवस के मद्देनजर कई प्रसिद्ध हस्तियां समारोह के लिए भारत आएंगी। इनमें फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भी शामिल हैं, जो इस साल गणतंत्र दिवस के मुख्य अतिथि होंगे।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के भारत दौरे की शुरुआत राजस्थान के जयपुर से हो रही है। उनका अभिनंदन करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 जनवरी को जयपुर में होंगे। 26 जनवरी को वह गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल होंगे।

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इस मौके पर मार्चिंग और बैंड टुकड़ियों के साथ-साथ फ्रांसीसी विमान भी अपने भारतीय समकक्षों के साथ शामिल होंगे। जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पूरे भारत से लगभग 13,000 विशेष अतिथियों को परेड देखने के लिए आमंत्रित किया गया है।
संस्कृति मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि लोगों को देश के परिधानों की विविधता से रुबरु कराने के लिए गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान कर्तव्य पथ के किनारे विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की साड़ियों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें 1,900 से अधिक साड़ियों और पर्दों का प्रदर्शन किया जाएगा।
देश 26 जनवरी को अपना 75वां गणतंत्र मना रहा है जिसकी तैयारियों जोरों पर हैं। संस्कृति मंत्रालय ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "गणतंत्र दिवस पर इस वर्ष की परेड का एक आकर्षण होगा...'अनंत सूत्र' के रूप में भारत के विभिन्न प्रदेशों और केंद्रशासित प्रदेशों की साड़ियों का शानदार प्रदर्शन।"
विभिन्न राज्यों के बुनकरों द्वारा तैयार की साड़ियों को दर्शक दीर्घा के पीछे प्रदर्शित किया जाएगा। यह भारत की नारी शक्ति और भारत के लाखों बुनकरों के प्रति पूरे देश की आदरांजलि होगी। संस्कृति मंत्रालय ने कहा कि अनंत सूत्र' के माध्यम से भारत की एकता, सद्भाव, समरसता और समावेशिकता का प्रदर्शन इस बार गणतंत्र दिवस के अवसर पर किया जा रहा है।
अनंत सूत्र' भारत के सांस्कृतिक वैभव और विरासत कि प्रतीक है, जिसमें अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के उन लाखों बुनकरों की कला कि प्रदर्शन है, जिन्होंने पीढ़ियों से इस विरासत को संजो कर रखा है।
इस बीच गणतंत्र दिवस की तैयारियों को देखते हुए एक बड़ा फैसला लिया गया है। अब दिल्ली एयरपोर्ट से 26 जनवरी तक सुबह के ढाई घंटे तक ना कोई फ्लाइट टेक-ऑफ करेगी और ना ही कोई फ्लाइट यहां लैंड करेगी। सुबह 10.20 बजे से लेकर दोपहर 12.45 तक दिल्ली एयरपोर्ट से आवागमन बंद रहेगा। जानकारी के मुताबिक यह फैसला गणतंत्र दिवस के लिए सुरक्षा को देखते हुए लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications