पिछले चार दिनों से कोरोना वायरस के मामलों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी, दिल्ली में मुंबई जैसे हालात
नई दिल्ली: सरकार की तमाम कोशिशों के बाद भी देश में कोरोना का संक्रमण रुकने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले चार दिनों से कोरोना के नए मामले रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। शनिवार को 15413 कोरोना के नए मामले सामने आए थे, जिसके बाद देश में संक्रमित मरीजों की संख्या 4.10 लाख से ज्यादा हो गई है। ये देश में अब तक एक दिन में आए मामलों की सर्वाधिक संख्या है। इसी तरह बुधवार को 12 हजार, गुरुवार को 13 हजार और शुक्रवार को 14000 का आंकड़ा पार हुआ था। ऐसे ही हालात रहे तो जून के अंत तक कोरोना वायरस के नए केस के मामले में भारत शीर्ष पर होगा।

कोरोना के रोजाना मामलों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी राजधानी दिल्ली में हुई है, जहां शनिवार को 3630 मामले सामने आए थे। ऐसे में अब महाराष्ट्र के बाद देश में दिल्ली दूसरे नंबर पर आ गई है। वहीं तमिलनाडु में भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो अब दिल्ली में मुंबई जैसे हालात बन रहे हैं। शनिवार तक मुंबई में 65329 मामले सामने आए थे, जिसमें से 3561 लोगों की मौत हुई है, जबकि एक्टिव केस की संख्या 28893 थी। वहीं राजधानी दिल्ली में शनिवार तक 56746 मामले सामने आए थे, जहां 2112 मौतों के बाद एक्टिव केस की संख्या 23340 है। ऐसे में देखा जाए तो दोनों में सिर्फ पांच हजार के आसपास का अंतर है।
Recommended Video
कई राज्यों में हुआ सुधार
वहीं कोरोना से लड़ाई में कई राज्यों का प्रदर्शन अच्छा है। जिसमें असम, बिहार, केरल, त्रिपुरा और झारखंड शामिल हैं। इन राज्यों में पहले तो केस की संख्या तेजी से बढ़ रही थी, लेकिन पिछले एक हफ्ते में यहां रोजाना आ रहे केसों की संख्या कम हुई है। वहीं दिल्ली, तमिलनाडु के अलावा कई अन्य राज्यों में भी तेजी देखी गई है, जिसमें हरियाणा, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड शामिल हैं। कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए भारत सरकार ने 25 मार्च से लॉकडाउन लागू कर दिया था, लेकिन 1 जून के बाद से अब काफी हद तक छूट दी जा रही है। जिससे मामले और तेजी से बढ़ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications