नरेंद्र मोदी की पत्नी जशोदाबेन को भरोसा, मोदी ही बनेंगे पीएम

कुछ माह पहले अमेरिका के न्यूजपेपर वॉल स्ट्रीट जनरल को दिए इंटरव्यू में जशोदाबेन ने खुद को नरेंद्र मोदी की पत्नी करार दिया था तो वहीं फरवरी में एक भारतीय समाचार पत्र को दिए अपने इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि मोदी ही 2014 के लोकसभा चुनावों के बाद इस देश के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे।
'तुम अपनी पढ़ाई पर ध्यान दो '
जशोदाबेन इस समय अहमदाबाद में अपने भाई के साथ रहती हैं और उनका ज्यादातर समय प्रार्थना में ही गुजर जाता है। एक प्राइमरी स्कूल की टीचर के तौर पर रिटायर होने वाली जशोदाबेन को हर माह 14,000 रुपए पेंशन के तौर पर मिलते हैं। 17 वर्ष की उम्र में उनकी शादी नरेंद्र मोदी के साथ हुई थी और करीब तीन साल तक साथ रहने के बाद दोनों अलग हो गए थे। शादी के बाद जशोदाबेन को अपनी पढ़ाई छोड़नी पड़ गई थी।
जशोदाबेन के मुताबिक उन्हें आज भी याद है कि जब वह मोदी के घर गई थीं तो मोदी ने उनसे कहा था कि वह चाहते हैं कि जशोदाबेन अपनी पढ़ाई पूरी करें। जशोदाबेन और मोदी का ज्यादातर समय बस इसी चर्चा में गुजर जाता था। शायद ही लोगों को मालूम हो कि मोदी रसोई के कामकाज में भी रुचि दिखाते थे।
जशोदाबेन ने अपने इंटरव्यू में बताया कि मोदी ने उनसे साफ कह दिया था कि वह पूरे देश में यात्रा करेंगे और ऐसे में जशोदाबेन जहां जाना चाहें जा सकती हैं। जब जशोदाबेन वडानगर उनके परिवार के साथ रहने के लिए पहुंची तो मोदी ने उनसे सवाल किया कि वह अपने ससुराल क्यों आईं।
मोदी ने उनसे कहा कि वह अभी बहुत छोटी हैं और ऐसे में उन्हें अपनी पढ़ाई पर ही ध्यान देना चाहिए। जशोदाबेन ने इंटरव्यू में साफ कर दिया कि मोदी और उनके घर को छोड़ने का निर्णय सिर्फ उनका ही था। इस निर्णय को लेकर उनके और मोदी के बीच कभी कोई तनाव नहीं हुआ और न ही मोदी ने उनसे इस बारे में कोई सवाल किया।
मोदी के बारे में पढ़ती हैं हर खबर
जशोदाबेन की मानें तो वह और मोदी अच्छे हालातों में एक-दूसरे से अलग हुए थे और उनके बीच कभी किसी भी तरह का झगड़ा नहीं हुआ था। इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि वह ऐसी कोई भी बात नहीं बोलंगी जो गलत हो। आज भले ही जशोदाबेन और मोदी के बीच बातचीत पूरी तरह से बंद हो लेकिन वह मोदी से जुड़ी हर खबर पर नजर रखती हैं।
हर अखबार में छपी उनकी खबर और न्यूज चैनलों पर टेलीकास्ट होने वाली कोर्इ भी खबर ऐसी नहीं है जो जशोदाबेन से छूटती हो। जशोदाबेन की मानें तो न तो उन्होंने मोदी से कभी मिलने की कोई कोशिश की और न ही दोनों के बीच अब किसी तरह का कोई संपर्क है। साथ ही उन्हें इस बात पर भी यकीन है कि मोदी उन्हें कभी भी कॉल नहीं करेंगे।
मोदी बनेंगे प्रधानमंत्री
जशोदाबेन ने अपने इंटरव्यू में मोदी के उज्जवल भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं भी दी थीं। वह इस बात पर दृढ़ हैं कि मोदी एक दिन प्रधानमंत्री जरूर बनेंगे। जशोदाबेन ने बताया कि उन्हें इस बात का बिल्कुल भी बुरा नहीं लगता कि मोदी ने इतने वर्षों तक उन्हें नजरअंदाज किया। वह कहती हैं कि यह सिर्फ किस्मत और बुरे वक्त का नतीजा है।
उस समय मोदी को इस तरह की बातें कहनी पड़ीं और यहां तक कि कभी-कभी उन्हें झूठ भी बोलना पड़ा। हालांकि जशोदाबेन यह कहना भी नहीं भूलती हैं कि उन्हें अपनी इस स्थिति का बुरा बिल्कुल भी नहीं लगता है क्योंकि उनका भविष्य और किस्मत दोनों दिन पर दिन बेहतर ही हुए हैं। लेकिन वह यह भी मानती हैं कि अगर वह मोदी की पत्नी नहीं होती तो शायद कभी उनका जिक्र दुनिया में नहीं हो पाता।












Click it and Unblock the Notifications