अब न गलेंगे, न फटेंगे नोट! 10 और 20 रुपये के प्लास्टिक नोट छापने की तैयारी में RBI, कब तक आएंगे आपके हाथ?
RBI Polymer Notes Pilot Project: भारतीय रिजर्व बैंक के प्लास्टिक यानी पॉलिमर नोटों के पायलट प्रोजेक्ट को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ गई है। सरकार से मंजूरी मिलने के बाद अब 10 और 20 रुपये के पॉलिमर नोटों को लेकर कई सवाल सामने आ रहे हैं। लोग जानना चाहते हैं कि इन नोटों को कहां बनाया जाएगा, इनकी छपाई कैसे होगी और क्या भारत के पास इन्हें बड़े स्तर पर तैयार करने की क्षमता है।
एक बात साफ है कि इन नोटों की छपाई भारत में ही की जाएगी। RBI ने कुल एक अरब पॉलिमर नोट छापने के लिए सरकार की मंजूरी ली है। अब सबसे बड़ी चुनौती देश में ऐसा पूरा सिस्टम तैयार करने की है, जिसमें नोट के लिए जरूरी खास प्लास्टिक फिल्म से लेकर सुरक्षा तकनीक तक घरेलू स्तर पर उपलब्ध हो।

कितने रुपये के नोट होंगे प्रिंट?
RBI ने पायलट प्रोजेक्ट के तहत 10 और 20 रुपये के पॉलिमर नोट जारी करने की योजना बनाई है। इन नोटों की छपाई देश के अंदर ही होगी। इसके जरिए यह भी देखा जाएगा कि भारत में पॉलिमर करेंसी को बड़े स्तर पर तैयार करने और इस्तेमाल करने की व्यवस्था कितनी मजबूत है।
आसान नहीं होगी छपाई
पॉलिमर नोट बनाना सामान्य प्लास्टिक तैयार करने जैसा काम नहीं है। इसके लिए कई खास तकनीकों की जरूरत होगी। इसमें बेहतर क्वालिटी की प्लास्टिक फिल्म बनाना, खास रसायनों और अलग-अलग परतों का इस्तेमाल करना शामिल है।
इसके अलावा नकली नोट रोकने के लिए सुरक्षा स्याही और दूसरी तकनीक विकसित करनी होगी। छपाई के बाद हर नोट की गुणवत्ता की कड़ी जांच भी जरूरी होगी।
भारत में मौजूद है जरूरी इंडस्ट्री
भारत में प्लास्टिक पैकेजिंग, रसायन और सुरक्षा से जुड़े सामान बनाने वाले उद्योग पहले से काम कर रहे हैं। इनकी क्षमता और तकनीक को साथ लाकर पॉलिमर नोटों के लिए जरूरी पूरा सिस्टम देश में तैयार किया जा सकता है।
RBI क्यों कर रहा है टेस्ट?
पायलट प्रोजेक्ट के जरिए RBI यह देखना चाहता है कि पॉलिमर नोट भारत के मौसम में कितने टिकाऊ रहते हैं। देश में गर्मी, बारिश और नमी के साथ छोटे नोट रोजाना बड़ी संख्या में लोगों के हाथों से गुजरते हैं। ऐसे में इन नोटों की उम्र बढ़ाना और बार-बार खराब होने की समस्या कम करना इस प्रोजेक्ट का अहम मकसद है।


Click it and Unblock the Notifications
