Ranchi Protest: Hemant Soren के जन्मदिन पर छात्रों पर लाठीचार्ज-सिर फटा, वाटर कैनन के बीच बैरिकेडिंग पर डांस
Ranchi Student Protest: झारखंड की राजधानी रांची में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहा छात्रों का आंदोलन सोमवार को 17वें दिन में प्रवेश कर गया। प्रदर्शन उस वक्त उग्र हो गया, जब हजारों प्रदर्शनकारी विधानसभा घेराव के लिए आगे बढ़े। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के 51वें जन्मदिन के दिन निकले इस मार्च को रोकने के लिए पुलिस ने कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की थी।
प्रदर्शनकारियों को रोकने के दौरान वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया और बाद में लाठीचार्ज भी किया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ छात्रों के घायल होने की खबर है। एक छात्र विक्रम कुमार ने आरोप लगाया कि लाठीचार्ज में उसके सिर पर चोट लगी। वहीं, वाटर कैनन की बौछारों के बीच प्रदर्शन का एक अलग दृश्य भी सामने आया। पुलिस की ओर से पानी की बौछार किए जाने के बावजूद कुछ छात्र बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और वहां नाचते हुए नजर आए। प्रदर्शनकारी लगातार नारे लगाते रहे और भर्ती परीक्षाओं को लेकर अपनी मांगों पर अड़े रहे। आइए विस्तार से समझते हैं कि क्या-क्या हुआ?

Ranchi Protest: विधानसभा की ओर बढ़े हजारों छात्र, पुलिस ने कंटीले तार-वाटर कैनन
JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच के नेतृत्व में चल रहा छात्र आंदोलन सुबह रांची की पुरानी विधानसभा के पास से विधानसभा घेराव के लिए आगे बढ़ा। छात्रों की मांग है कि भर्ती परीक्षाओं में सामने आई कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच हो और जिन परीक्षाओं को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं, उन्हें रद्द किया जाए।
प्रदर्शनकारियों के हाथों में तिरंगा, पोस्टर और बैनर थे। कई बैनरों पर 'JSSC-CGL परीक्षा रद्द करो या CBI जांच कराओ' और 'निष्पक्ष जांच कराएं, सच सामने लाएं' जैसे नारे लिखे थे। छात्रों की मांगों में JPSC और JSSC की कार्यप्रणाली में व्यापक सुधार भी शामिल है। प्रशासन ने विधानसभा की ओर जाने वाले रास्ते पर कई स्तर की सुरक्षा व्यवस्था की थी। बैरिकेडिंग के साथ कंटीले तार लगाए गए थे और सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की गई थी। पुलिस का उद्देश्य प्रदर्शनकारियों को विधानसभा परिसर के प्रतिबंधित क्षेत्र तक पहुंचने से रोकना था।
वाटर कैनन के बीच बैरिकेडिंग पर चढ़े छात्र-लाठीचार्ज, पुलिस पर चप्पलों की बौछार!
जब प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने लगे तो पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। पानी की तेज बौछारों के बावजूद कई प्रदर्शनकारी पीछे हटने के बजाय बैरिकेडिंग तक पहुंच गए। इसी दौरान एक छात्र बैरिकेडिंग पर चढ़ गया और वहां डांस करता नजर आया।
इस दृश्य ने पूरे प्रदर्शन को एक अलग रंग दे दिया। पानी की बौछारों के बीच छात्र नारे लगाते रहे और पुलिस की कार्रवाई के बावजूद पीछे हटने को तैयार नहीं दिखे। कुछ छात्रों ने इसे सरकार के खिलाफ अपने विरोध और हौसले का प्रदर्शन बताया। हालांकि, स्थिति कुछ देर बाद तनावपूर्ण हो गई। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया। प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस पर पानी की खाली बोतलें और चप्पलें फेंके जाने की भी खबरें सामने आई हैं। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
'क्या हम लोग आतंकवादी हैं?' छात्रों की गूंज, लाठीचार्ज में फटा सिर
पुलिस कार्रवाई के बाद प्रदर्शन स्थल पर कुछ छात्र घायल नजर आए। घायल छात्र विक्रम कुमार ने आरोप लगाया कि वह शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहा था, लेकिन अचानक पुलिस ने लाठीचार्ज शुरू कर दिया। उसके सिर में चोट लगने के बाद खून निकलने लगा।
विक्रम ने कहा कि छात्र अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे और किसी तरह की गाली-गलौज नहीं कर रहे थे। उसका सवाल था कि छात्रों के साथ ऐसा व्यवहार क्यों किया गया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए नारे भी लगाए। मौके पर कई छात्रों को यह कहते सुना गया कि 'क्या हम लोग आतंकवादी हैं?' लाठीचार्ज के बाद सड़क पर छात्रों की चप्पलें भी बिखरी दिखाई दीं।
हालांकि, पुलिस की ओर से कार्रवाई को लेकर यह तर्क दिया गया कि प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बल का इस्तेमाल करना पड़ा। पुलिस अधिकारियों ने इससे पहले मार्च को शांतिपूर्ण बताते हुए संयम बरतने की बात कही थी।
9 दिन से अनशन पर बैठे देवेंद्र नाथ महतो एंबुलेंस से पहुंचे, हाथ में शिबू सोरेन की तस्वीर
इस आंदोलन का प्रमुख चेहरा बने JLKM नेता और छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो भी सोमवार को विधानसभा मार्च में शामिल हुए। महतो पिछले 8 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। तबीयत बिगड़ने के बावजूद वह एंबुलेंस से प्रदर्शन स्थल तक पहुंचे। रिपोर्टों के मुताबिक, महतो के वजन में करीब 10.5 किलोग्राम की कमी आई है। इसके बावजूद उन्होंने आंदोलन जारी रखने की बात कही। वह प्रदर्शन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक शिबू सोरेन की तस्वीर लिए नजर आए। महतो ने छात्रों से शांतिपूर्ण रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य उन लाखों छात्रों की आवाज उठाना है, जो सरकारी नौकरी की परीक्षाओं में पारदर्शिता चाहते हैं। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से हिंसा से दूर रहने को कहा।
Jharkhand Students Demands: छात्रों की मांग क्या है?
JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच का कहना है कि झारखंड में भर्ती परीक्षाओं को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। आंदोलनकारी कई परीक्षाओं को रद्द करने और कथित अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच की मांग कर रहे हैं। छात्रों की प्रमुख मांगों में JSSC-CGL परीक्षा को लेकर कार्रवाई, 14वीं JPSC सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा की जांच/रद्द करने की मांग, CBI जांच और JPSC-JSSC में व्यापक सुधार शामिल हैं।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जांच ऐसी एजेंसी या समिति से होनी चाहिए जिस पर अभ्यर्थियों को भरोसा हो। उनकी मांग है कि कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाए।

सरकार और छात्रों के बीच बातचीत से नहीं निकला समाधान
इस आंदोलन को खत्म कराने के लिए सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच कई दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन अभी तक गतिरोध समाप्त नहीं हुआ है। सरकार की ओर से बातचीत में कई मांगों पर सहमति जताए जाने का दावा किया गया है, जबकि आंदोलनकारी संगठन का कहना है कि उनकी मुख्य मांगें अभी पूरी नहीं हुई हैं।
यही वजह है कि छात्रों ने विधानसभा मार्च का फैसला किया। सरकार और आंदोलनकारियों के बीच असहमति का सबसे बड़ा मुद्दा कथित परीक्षा अनियमितताओं की जांच और परीक्षाओं को रद्द करने की मांग है।
1500 से ज्यादा जवान तैनात, छह स्तर की सुरक्षा
विधानसभा मार्च को देखते हुए रांची में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी की गई थी। विधानसभा परिसर और उसके आसपास कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की गई। CCTV कैमरों से निगरानी और वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की गई थी। रिपोर्टों के अनुसार, करीब चार किलोमीटर लंबे मार्च रूट पर भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए। इसमें जिला पुलिस के अलावा QRT, इंडियन रिजर्व बटालियन और रैपिड एक्शन फोर्स के जवान शामिल थे। प्रशासन ने किसी भी स्थिति से निपटने के लिए व्यापक इंतजाम किए थे।
Hemant Soren Birthday: हेमंत सोरेन के जन्मदिन पर क्यों बढ़ा सियासी ताप?
10 अगस्त 1975 को जन्में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज 51 साल के हो गए हैं। इसी दिन छात्रों ने विधानसभा घेराव का कार्यक्रम रखा। ऐसे में रांची की सड़कों पर हजारों छात्रों का जुटना और पुलिस के साथ टकराव राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण हो गया। एक तरफ सरकार बातचीत के जरिए आंदोलन खत्म करने की कोशिश कर रही है, तो दूसरी तरफ प्रदर्शनकारी अपनी प्रमुख मांगों पर पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। सोमवार की घटनाओं ने इस गतिरोध को और गंभीर बना दिया है।
फिलहाल छात्रों का आंदोलन जारी है। देवेंद्र नाथ महतो समेत कई छात्र भूख हड़ताल पर हैं और प्रदर्शनकारी JPSC-JSSC भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा कथित अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच की मांग पर कायम हैं। रांची में वाटर कैनन, बैरिकेडिंग और लाठीचार्ज के बीच हुए घटनाक्रम ने झारखंड के भर्ती परीक्षा विवाद को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।


Click it and Unblock the Notifications
