रामदास अठावले की पार्टी बनी रहेगी NDA के साथ, कहा- शिवसेना को झटका देना जरूरी
नई दिल्ली: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बाद बीजेपी और शिवसेना का दशकों पुराना गठबंधन टूट गया था। इसके बावजूद भी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (RPI) ने एनडीए का समर्थन जारी रखा। अब एक बार फिर आरपीआई अध्यक्ष रामदास अठावले ने साफ किया है कि वो एनडीए के साथ बने रहेंगे। साथ ही अगला बीएमसी चुनाव भी मिलकर लड़ेंगे। उन्होंने शिवसेना को चुनाव में झटका देने की भी बात कही है।

न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए अठावले ने कहा कि रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया बीजेपी के साथ है। देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि बीजेपी जरूर सत्ता में आएगी, लेकिन उन्हें हमारे सपोर्ट की जरूरत पड़ेगी। इस बार बीजेपी और आरपीआई मिलकर बीएमसी चुनाव लड़ेंगी। जिस वजह से बीएमसी में बीजेपी का मेयर और आरपीआई का डिप्टी मेयर होगा। अठावले के मुताबिक शिवसेना को इस वक्त एक बड़े झटके की जरूरत है।
क्या था फडणवीस का बयान?
दरअसल कुछ दिन पहले महाराष्ट्र के पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस ने बीजेपी कार्यकारिणी को संबोधित किया था। उस दौरान उन्होंने कहा कि 2022 के बीएमसी चुनाव में बीजेपी जीतेगी। आगे बिना शिवसेना का नाम लिए उन्होंने कहा कि जैसे राजा की जान पोपत में होती है, वैसे कुछ लोगों की जान बीएमसी में है। ऐसे में सभी कार्यकर्ता जी-जान से जुट जाएं। युवा मोर्चा हर बूथ पर में 50 और महिला मोर्चा 100 लोगों को जोड़ें। हम इस नीति के साथ काम करेंगे और पिछली बार की कसक इस बार पूरी करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications