हिमाचल-हरियाणा में बीजेपी की हार पर राकेश टिकैत का तंज, कहा-किसानों की दवा असर कर रही है
नई दिल्ली, 02 नवंबर: कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट और तीनों विधानसभा सीटें जीत ली। इसके साथ ही हरियाणा में भी बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा है। अब उत्तर भारत के इन दो राज्यों में मिली बीजेपी को मिली करारी हार पर किसान नेता राकेश टिकैत ने तंज कसा है। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, किसानों द्वारा तैयार की गयी दवाई का असर भाजपा पर पूरी तरह से हो रहा है।

उपचुनाव में हरियाणा, राजस्थान और हिमाचल में बीजेपी को मिली करारी हार पर भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने कहा कि, किसानों द्वारा तैयार की गयी दवाई का असर भाजपा पर पूरी तरह से हो रहा है। समय जरूर लगेगा लेकिन 2022 तक स्वास्थ्य लाभ होगा। बता दें कि, राकेश टिकैत लगातार अपनी महापंचायतों में बीजेपी के खिलाफ वोट देने की अपील करते रहे हैं। इसके साथ ही बीजेपी को चेतावनी भी देते रहे हैं।
बता दें कि, हिमाचल प्रदेश मंडी संसदीय सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह ने भाजपा के रिटायर्ड ब्रिगेडियर खुशहाल सिंह को 8766 वोटों से हराया। राज्य की अर्की विधानसभा सीट पर कांग्रेस के संजय अवस्थी, जुब्बल-कोटखाई सीट पर रोहित ठाकुर और फतेहपुर सीट पर कांग्रेस के भवानी सिंह पठानिया ने जीत दर्ज की। जुब्बल-कोटखाई सीट पर तो भाजपा प्रत्याशी तीसरे स्थान पर रही। हिमाचल प्रदेश में मंडी लोकसभा सीट के साथ-साथ तीन विधानसभा सीट के उपचुनाव को राज्य में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के सेमीफाइनल के तौर पर भी देखा जा रहा है।
वहीं हरियाणा में ऐलनाबाद विधानसभा सीट पर हुआ उप चुनाव इनेलो के अभय चौटाला 6739 वोटों से जीत लिया। उप चुनाव को किसान आंदोलन के लिटमस टेस्ट के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं यह चुनाव आंदोलन में शामिल दो बड़े किसान नेताओं राकेश टिकैत और गुरनाम सिंह चढ़नी के सियासी रुझान को भी सामने लाया है। ऐलनाबाद उप चुनाव में टिकैत इनेलो का समर्थन करते दिखे तो वहीं चढूनी कांग्रेस के पक्ष में नजर आए।












Click it and Unblock the Notifications