राज्यसभा उपसभापति चुनाव में कांग्रेस का समर्थन करने के लिए AAP ने रखी ये शर्त
एनडीए की तरफ से इस चुनाव में जहां जेडीयू के राज्यसभा सांसद हरिवंश नारायण सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है, वहीं कांग्रेस की ओर से बीके हरिप्रसाद को मैदान में उतारा गया है।
नई दिल्ली। राज्यसभा में डिप्टी चेयरमैन पद के लिए 9 अगस्त यानी कल चुनाव होगा। एनडीए की तरफ से इस चुनाव में जहां जेडीयू के राज्यसभा सांसद हरिवंश नारायण सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है, वहीं कांग्रेस की ओर से बीके हरिप्रसाद को मैदान में उतारा गया है। डिप्टी चेयरमैन पद के चुनाव को लेकर एनडीए और कांग्रेस ने जीत के लिए जरूरी आंकड़े जुटाने शुरू कर दिए हैं। इस बीच आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने बताया है कि उनकी पार्टी किस उम्मीदवार का समर्थन करेगी।

'राहुल मांगें समर्थन तो जरूर करेंगे'
बुधवार को मीडिया से बात करते हुए आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा, 'कांग्रेस पार्टी आम आदमी पार्टी को एक अनुदान की तरह समझती है। अगर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष राहुल गांधी 'आप' के अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल से समर्थन मांगेंगे तो हम उनके उम्मीदवार को सपोर्ट करेंगे, अन्यथा हम उनके समर्थन में मतदान करने में कोई दिलचस्पी नहीं है।'

राज्यसभा में 'आप' के तीन सांसद
आपको बता दें कि राज्यसभा में एनडीए या कांग्रेस, किसी के भी पास बहुमत नहीं है। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा में फिलहाल तीन सांसद हैं। ऐसे में 'आप' का समर्थन काफी अहम माना जा रहा है। 244 सीटों वाली राज्यसभा में डिप्टी चेयरमैन पद पर जीत के लिए 123 सांसदों का समर्थन चाहिए। फिलहाल विपक्ष के पास 116 और एनडीए के पास 90 सांसद हैं। एनडीए एआईएडीएमके के 13, बीजेडी के 9 और टीआरएस के 6 सांसदों को अपने पाले में लाने की कोशिश में जुटी है।

कांग्रेस को टीडीपी का समर्थन
वहीं, तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) ने ऐलान कर दिया है कि वो कांग्रेस उम्मीदवार बीके हरिप्रसाद का समर्थन करेगी। टीडीपी नेता वाईएस चौधरी ने बुधवार को कहा कि पार्टी अध्यक्ष चंद्रबाबू नायडू और संसदीय कमेटी ने यह फैसला किया है कि हम बीके हरिप्रसाद का समर्थन करेंगे। अब सभी की निगाहें बीजू जनता दल, तेलंगाना राष्ट्र समिति और एआईएडीएमके पर लगी हुई हैं।












Click it and Unblock the Notifications