Rajya Sabha Elections: विदेश मंत्री जयशंकर ने गुजरात से नामांकन पत्र दाखिल किया
Rajya Sabha Elections के लिए नामांकन दाखिल करने विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर सोमवार को गुजरात पहुंचे। विदेश मंत्री के साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और राज्य भाजपा के कई कद्दावर नेता भी मौजूद रहे।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए सोमवार को गुजरात के गांधीनगर में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नॉमिनेशन फाइल करने के बाद डॉ. एस जयशंकर ने प्रधानमंत्री और भाजपा का आभार प्रकट किया।

उन्होंने कहा, "राज्यसभा में गुजरात का प्रतिनिधित्व करने के लिए ...सबसे पहले मैं पीएम मोदी, बीजेपी नेतृत्व और गुजरात के लोगों और विधायकों का आभार व्यक्त करना चाहता हूं...चार साल पहले मुझे यह सम्मान मिला था।"
बकौल विदेश मंत्री, मुझे पिछले 4 वर्षों में पीएम मोदी के नेतृत्व में देश में हुए बदलावों का हिस्सा बनने का अवसर मिला। मुझे उम्मीद है कि मैं आने वाले 4 साल में देश में भी देश की प्रगति में योगदान दे सकूंगा।
10 सदस्यों की रिटायरमेंट पर चुनाव
बता दें कि भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने पहले गोवा, गुजरात और पश्चिम बंगाल की 10 राज्यसभा सीटों पर 24 जुलाई को होने वाले चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा की थी। इन राज्यों से 10 राज्य सभा सदस्य जुलाई और अगस्त में सेवानिवृत्त होने वाले हैं।
2019 में भी गुजरात से ही चुने गए विदेश मंत्री
चुनाव आयोग ने कहा था कि राज्यसभा की रिक्त सीटों के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 13 जुलाई है। वोटों की गिनती 24 जुलाई को होगी। बता दें कि जयशंकर 2019 में भी गुजरात से ही राज्यसभा के लिए चुने गए थे। इसके बाद उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किया गया।
गुजरात की तीन सीटों पर कौन रिटायर हो रहे हैं?
निर्वाचन आयोग की तरफ से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया था कि गुजरात की तीन राज्यसभा सीटों पर दिनेशचंद्र जेमलभाई अनावादिया, लोखंडवाला जुगलसिंह माथुरजी, सुब्रमण्यम जयशंकर कृष्णास्वामी 18 अगस्त को सेवानिवृत्त होंगे।
राज्य सभा चुनाव पश्चिम बंगाल में भी होने हैं
बता दें कि गुजरात के अलावा पश्चिम बंगाल में भी राज्य सभा चुनाव होने वाले हैं। प्रदेश की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने डेरेक ओ ब्रायन और साकेत गोखले समेत कुल 6 उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा है।












Click it and Unblock the Notifications