राज्यसभा के 12 सांसदों के खिलाफ हो सकती है बड़ी कार्रवाई, जगदीप धनखड़ ने जांच के लिए भेजे गए नाम
राज्यसभा में बजट सत्र के दौरान हंगामा करने वाले विपक्ष के 12 सांसदों के खिलाफ कार्रवाई के लिए चेयरमैन ने इन लोगों के नाम कमेटी के पास जांच के लिए भेजा है।

बजट सत्र में जिस तरह से विपक्ष ने सदन के भीतर जमकर हंगामा किया उसके बाद अब राज्यसभा के चेयरमैन ने इन सांसदों के खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी में हैं। राज्यसभा के चेयरमैन जगदीप धनखड़ ने विपक्ष के 12 सांसदों के नाम को कमेटी ऑफ प्रिविलेज के पास भेजा है। इन लोगों पर बजट सत्र के दौरान विशेषाधिकार हनन का आरोप है। माना जा रहा है कमेटी इन आरोपों की जांच करेगी और अपनी रिपोर्ट चेयरमैन को सौंपेगी। जिन विपक्ष के सांसदों के खिलाफ जांच होगी उनके नाम संजय सिंह, शक्तिसिंह गोहिल, सुशील कुमार गुप्ता, संदीप कुमार पाठक, नाराभाई जे रथवा, सैयद नासिर हुसैन, कुमार केतकर, इमरान प्रतापगढ़ी, डॉक्टर एल हनुमंतैया, फूलो देवी, जेबी माथेर और रंजीत रंजन हैं।
जिन 12 सांसदों के नाम जांच के लिए भेजे गए है उसमे 9 कांग्रेस पार्टी के सांसद हैं, तीन आम आदमी पार्टी के सांसद हैं। आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि हमने ऐसा कुछ भी नहीं किया है जिसे विशेषाधिकार का हनन कहा जाए। हमने सिर्फ सच कहा है, आम लोगों के साथ जो करोड़ो रुपए का घोटाला हुआ है उसका पर्दाफाश किया है। हमे जब नोटिस मिलेगा तो हम इसका जवाब देंगे।
18 फरवरी को राज्यसभा के सचिवालय की ओर से जो बुलेटिन जारी किया गया है उसके अनुसार चेयरमैन ने कथित विशेषाधिकार हनन की जांच को रिफर किया है। इन सांसदों पर राज्यसभा के नियमों का उल्लंघन का आरोप है। एक और नोटिस राज्यसभा सचिवालय की ओर से जो जारी किया गया है उसके अनुसार इन सांसदों ने चेयरमैन के बार-बार कहने पर भी उनके निर्देश का पालन नहीं किया। इन लोगों के हंगामे की वजह से सदन की कार्रवाई बार-बार बाधित हुई। सदन के वेल में प्रवेश करके, नारेबाजी करके इन लोगों ने कार्रवाई को बाधित करने की कोशिश की।












Click it and Unblock the Notifications