2024 में राज्यसभा के 68 सांसद हो रहे हैं रिटायर, इन केंद्रीय मंत्रियों और विपक्षी नेताओं का नाम शामिल
राज्यसभा से इस साल 68 सदस्य रिटायर होने वाले हैं। इनमें 9 केंद्रीय मंत्री भी शामिल हैं, जिनका कार्यकाल अगले कुछ महीने में खत्म हो रहा है। मतलब,राज्यसभा की खाली होने वाली संभावित सीटों के लिए इंतजार में बैठे नेताओं की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं।
तीन सांसदों का इसी महीने खत्म हो रहा कार्यकाल
दिल्ली के तीन राज्यसभा सांसदों आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह, एनडी गुप्ता और सुशील कुमार गुप्ता का कार्यकाल इसी महीने 27 जनवरी को खत्म हो रहा है, जिसके लिए चुनाव होने वाले हैं।

23 फरवरी को सिक्किम की एकमात्र राज्यसभा सीट से सांसद और सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट के नेता हिशे लाचुंगपा का भी कार्यकाल खत्म हो रहा है और उस सीट के लिए भी चुनाव करवाए जाने हैं।
अप्रैल में 57 राज्यसभा सांसदों का पूरा होगा कार्यकाल
अप्रैल में तो कम से कम 57 राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल खत्म हो रहा है। इनमें रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जैसे नेता भी शामिल हैं।
राज्यसभा से रिटायर हो रहे केंद्रीय मंत्रियों में से कुछ के इस साल लोकसभा चुनाव लड़ने की भी चर्चाएं चल रही हैं और ऐसा हुआ तो बीजेपी से इन सीटों के लिए कुछ नए चेहरे सामने आ सकते हैं।
सबसे ज्यादा 10 राज्यसभा सीटें यूपी में होंगी खाली
2024 में राज्यसभा की जिन 68 सीटों पर चुनाव होंगे, उनमें सबसे ज्यादा यूपी की 10 सीटें हैं। इसके अलावा बिहार और महाराष्ट्र से 6-6, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल से 5-5, कर्नाटक और गुजरात से 4-4, ओडिशा, केरल, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश से 3-3, राजस्थान और झारखंड से 2-2 और उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और छत्तीसगढ़ से 1-1 सीटें शामिल हैं।
हिमाचल प्रदेश में अब कांग्रेस की सरकार है, इसलिए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के लिए पार्टी को किसी दूसरे राज्य में राज्यसभा सीट का जुगाड़ करना पड़ सकता है।
राजस्थान से इन सांसदों का खत्म हो रहा कार्यकाल
विभिन्न दलों के जो राज्यसभा सांसद रिटायर हो रहे हैं, उनमें राजस्थान से कांग्रेस नेता मनमोहन सिंह और बीजेपी नेता भूपेंद्र यादव, ओडिशा से भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और बीजेडी नेता प्रशांत नंदा और अमर पटनायक, उत्तराखंड से बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी शामिल हैं।
गुजरात से ये दिग्गज शामिल
इसी तरह से गुजरात से बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया और पुषोत्तम रुपाला और कांग्रेस के नारणभाई राठवा और अमी याग्निक का नाम है।
महाराष्ट्र से इन सांसदों की रिटायरमेंट
महाराष्ट्र से बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री नारायण राणे, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, कांग्रेस के कुमार केतकर, एनसीपी के वंदना चव्हाण और शिवसेना (यूबीटी) के अनिल देसाई जैसे नेता का भी कार्यकाल खत्म हो रहा है।
महाराष्ट्र में जिस तरह से सियासी समीकरण बदले हैं और शिवसेना और एनसीपी में दो फाड़ हुआ है, उससे यहां होने वाला अगला राज्यसभा चुनाव काफी दिलचस्प हो सकता है।
एमपी में इन सांसदों का खत्म होगा कार्यकाल
मध्य प्रदेश से बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और एल मुरुगन, पार्टी नेता अजय प्रताप सिंह और कैलाश सोनी, कांग्रेस नेता राजमणि पटेल भी राज्यसभा से रिटायर हो रहे हैं।
कर्नाटक से इन नेताओं को खत्म हो रहा कार्यकाल
वहीं कर्नाटक से बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर और कांग्रेस से एल हनुमंतैया, जीसी चंद्रशेखर और सैयद नासिर हुसैन का भी कार्यकाल समाप्त हो रहा है।
तेलंगाना में भी बदल गया गणित
तेलंगाना से बीआरएस के जे संतोष कुमार, रविचंद्र वद्दीराजू और बी लिंगैया यादव का भी कार्यकाल समाप्त हो रहा है। लेकिन, तेलंगाना में सत्ता परिवर्तन के बाद कांग्रेस अब यहां से कम से कम दो सदस्यों को राज्यसभा भेजने की उम्मीद कर सकती है।
पश्चिम बंगाल से इन राज्यसभा सांसदों का नाम
पश्चिम बंगाल से राज्यसभा के जो सांसद रिटायर होने वाले हैं, उनमें टीएमसी के अबीर रंजन बिश्वास, सुभाशीष चक्रबर्ती, मोहम्मद नदिमुल हक और सांतनु सेन और कांग्रेस के अभिषेक मनु सिंघवी का भी नाम शामिल है।
बिहार से ये सांसद हो रहे रिटायर
इसी तरह से बिहार से आरजेडी के मनोज झा और अहमद अश्फाक करीम, जेडीयू के अनील प्रसाद हेगड़े और बशिष्ठ नारायण सिंह, बीजेपी के सुशील कुमार मोदी और कांग्रेस के अखिलेश प्रसाद सिंह का कार्यकाल भी समाप्त हो रहा है।
यूपी से इन सदस्यों का पूरा हो रहा कार्यकाल
उत्तर प्रदेश से जिन सदस्यों का कार्यकाल खत्म होने वाला है, उनमें बीजेपी के अनिल अग्रवाल, अशोक बाजपेयी, अनिल जैन, कांता कर्दम, सकलदीप राजभर, जीवीएल नरसिम्हा राव, विजय पाल सिंह तोमर, सुधांशु त्रिवेदी और हरनाथ सिंह यादव, समाजवादी पार्टी की जया बच्चन शामिल हैं। बीजेपी के इन सांसदों में से कुछ लोकसभा का भी चुनाव लड़ सकते हैं।
वहीं आंध्र प्रदेश से टीडीपी के के रवींद्र कुमार, बीजेपी के सीएम रमेश और वाईएसआरसीपी के प्रभाकर रेड्डी वेमिरेड्डी का भी कार्यकाल खत्म हो रहा है। जबकि, छत्तीसगढ़ से बीजेपी की सरोज पांडे और हरियाणा से पार्टी के डीपी वत्स भी अप्रैल में रिटायर हो रहे हैं।
झारखंड के चर्चित कांग्रेस सांसद भी रिटायर होंगे
इस साल मई में झारखंड से बीजेपी के समीर उरांव और कांग्रेस के चर्चित राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू का भी कार्यकाल खत्म हो रहा है। इनके ठिकानों से छापेमारी में बरामद हुआ कैश पूरे देश में कुख्यात हो चुका है।
केरल से सीपीएम के ई करीम, सीपीआई के बिनॉय विस्वम और केरल कांग्रेस(एम) के जोस के मणि का कार्यकाल जुलाई में समाप्त हो रहा है।
राज्यसभा के इन मनोनीत सांसदों का भी पूरा हो रहा कार्यकाल
इस साल जुलाई में राज्यसभा के चार मनोनीत सदस्यों का भी कार्यकाल खत्म हो जाएगा। उच्च सदन के ये मनोनीत सांसद हैं- महेश जेठमलानी, सोनल मानसिंह, राम शकल और राकेश सिन्हा। (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications