पाक को गोली का जवाब झंडे से नहीं गोली से दे बीएसफ, राजनाथ सिंह ने दिए निर्देश
चंडीगढ़। पाकिस्तान की नापाक हरकतों के बाद अब भारत का रुख सख्त हो गया है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद अब केन्द्रिय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को इस बात पर जोर देकर कहा कि भारत, पाक हो या कोई और देश, सभी के साथ अच्छे संबंध चाहता है, लेकिन अगर पाक इसे उसकी कमजोर समझता है, तो उसे उसकी गलती का अहसास भी करना होगा।

गृह मंत्री ने सुरक्षा बलों को साफ निर्देश दे दिए हैं कि पाकिस्तान की तरफ से किए जाने वाले सीजफायर उल्लंघन की सूरत में करारा जवाब दिया जाए।
नियंत्रण रेखा पार से फायरिंग की हालिया घटनाओं की तरफ इशारा करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि उन्होंने बीएसएफ को निर्देश दिया है कि यदि पाकिस्तान सीजफायर उल्लंघन जारी रखे तो सफेद झंडे न दिखाते रहें।
हरियाणा के पलवल जिले में बीजेपी की ‘विजय संकल्प रैली' को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा, मैंने बीएसएफ के डीजी से अपने बल को यह निर्देश देने को कहा है कि पाकिस्तान से फायरिंग की स्थिति में करारा जवाब दिया जाए।
गृह मंत्री ने कहा कि बीएसएफ के डीजी ने उनसे कहा था कि हमने 15 मौकों पर सफेद झंडे दिखाए पर पाकिस्तान बार-बार फायरिंग कर रहा है।
उन्होंने कहा, मैंने बीएसएफ के डीजी से कहा कि यदि पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आता और उल्लंघन जारी रखता है तो (बीएसफ के जवानों को) साफ आदेश दें कि अगली बार सफेद झंडे नहीं दिखाए जाएंगे बल्कि (भारत की तरफ से) फायरिंग शुरू की जाएगी।
सिंह ने कहा कि कांग्रेस के पिछले 10 साल के शासनकाल में न केवल भारत में, बल्कि पूरी दुनिया में, एक धारणा बनी कि हम एक कमजोर देश हैं।
उन्होंने कहा, पर मोदी सरकार बनने के बाद दुनिया ने धारणा बदल ली है। अब हम कमजोर देश नहीं समझे जाते। हम कमजोर नहीं हैं। हम में करारा जवाब देने की पूरी क्षमता है।












Click it and Unblock the Notifications