पीएम मोदी के हमले पर कांग्रेस का जवाब, 'कौन निजामी, कहीं आपका ही तो आदमी नहीं?'
कांग्रेस ने पीएम मोदी के हमले का जवाब देते हुए कहा कि भाजपा मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की बातें लेकर आ रही है।
नई दिल्ली। सलमान निजामी के ट्वीट का जिक्र कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कांग्रेस पर किए गए हमले का पार्टी ने जवाब दिया है। कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, 'कौन निजामी? कहीं आपका ही तो आदमी नहीं है। सलमान निजामी कौन है, हम जानते ही नहीं। सलमान पार्टी के किसी पद पर नही है।' कांग्रेस नेता ने कहा कि मणिशंकर अय्यर ने पीएम के लिए गलत भाषा का इस्तेमाल किया, राहुल गांधी ने उन्हें पार्टी से सस्पेंड कर दिया। क्या भाजपा ऐसी कोई कार्रवाई अपने नेताओं पर करेगी? उन्होंने कहा कि भाजपा और पीएम मोदी मनगढ़ंत आरोप लगाकर गुजरात की जनता का मुद्दों से ध्यान भटका रही है।

आपको बता दें कि गुजरात के महिसागर में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के एक युवा नेता कहते हैं कि हर घर से अफजल निकलेगा। पीएम मोदी ने कहा, 'कांग्रेस के एक स्टार प्रचारक हैं सलमान निजामी। वो मूलत: कश्मीर का रहने वाला है। वो गुजरात में चुनाव प्रचार करने आया है। वो कहता है कि हमें आजाद कश्मीर चाहिए। वो कहता है देश की सेना रेपिस्ट है। मां बहनों का बलात्कार करने वाली देश की सेना है। कांग्रेस का ये युवा नेता कहता है कि हर घर से अफजल निकलेगा। जिस आतंकी को हिंदुस्तान में फांसी की सजा हुई, उसके बारे में वो कहता है कि हर घर से अफजल निकलेगा। क्या कांग्रेस कहेगी कि हर घर से निकलेगा अफजल? क्या गुजरात की जनता इसे माफ करेगी?'
'मैं आपके घर का आदमी, पीएम मोदी नहीं'
पीएम मोदी ने कहा कि आज कांग्रेस में इतनी निराशा भर गई है कि वो मोदी को ही गाली दे रही है। पीएम मोदी ने गुजरात की जनता से अपील करते हुए कहा कि मुझे गाली देने वाले पर आप वोट से चोट करिए। पीएम मोदी ने खुद को गुजरात का बेटा बताते हुए कहा कि आप बताइए ये नरेंद्र मोदी आपको प्रधानमंत्री लगता है या आपके घर का बेटा? मैं आपके हर सुख दुख के समय मैं आपके पास दौड़ा दौड़ा चला आता हूं या नहीं? मैं आपके घर का नरेंद्र मोदी हूं, पीएम नरेंद्र मोदी नही।












Click it and Unblock the Notifications