जयपुर में आज भाजपा नेताओं की बैठक, राजस्थान की राजनीतिक स्थिति पर होगी चर्चा
नई दिल्ली। राजस्थान की कांग्रेस सरकार में हो रहे सियासी घमासान के बीच बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एक बैठक करने जा रही है। ये बैठक जयपुर में होगी, जिसमें राज्य की राजनीतिक स्थिति को लेकर चर्चा की जाएगी। इस बैठक में राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी शामिल होंगी। इससे पहले मंगलवार को भी भाजपा नेताओं ने एक बैठक की थी। जिसमें प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, ओम माथुर, राजेंद्र राठौड़ और गुलाब चंद कटारिया शामिल हुए थे।

एक दिन पहले ही सचिन पायलट को डिप्टी सीएम और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से हटाने के बाद कांग्रेस ने उन्हें विधानसभा से अयोग्य घोषित करने की तैयारी शुरू कर दी है। विधानसभा स्पीकर ने सचिन पायलट समेत कांग्रेस के 19 बागी विधायकों को नोटिस भेजकर शुक्रवार तक जवाब मांगा है। दरअसल इस कदम के जरिए कांग्रेस विधानसभा में फ्लोर टेस्ट होने की स्थिति में बहुमत के आंकड़े को कम करना चाहती है। वहीं सचिन पायलट भी पूरे प्रकरण को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस अलाकामान से नाराजगी के बाद सचिन पायलट ने अब तक मीडिया के सामने कुछ भी नहीं कहा है। अब उम्मीद की जा रही है कि वो प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राजस्थान में सियासी बवाल पर खुलकर बात करेंगे। इसके अलावा उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से भाजपा में शामिल होने के सवाल पर कहा है, 'मैं भाजपा में शामिल नहीं हो रहा हूं।'
बता दें कि मंगलवार को जयपुर के फेयरमोंट होटल में कांग्रेस विधायक दल की दूसरी बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में शामिल होने के लिए कांग्रेस ने सचिन पायलट से भी अपील की थी, लेकिन वो शामिल नहीं हुए। बैठक में फैसला लिया गया कि सचिन पायलट को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए कांग्रेस से बाहर किया जाए। इसके बाद कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बाहर आकर जानकारी दी कि सचिन पायलट को डिप्टी सीएम और राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष पद से हटा दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications