राजस्थान में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर दुविधा में कांग्रेस, सर्वे में गहलोत से आगे पायलट
नई दिल्ली। राजस्थान में सत्ता में वापसी के लिए जोर लगा रही कांग्रेस के अंदर मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। कांग्रेस ये तय नहीं कर पा रही है कि युवा सचिन पायलट को आगे किया जाए या फिर वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत को पार्टी का चेहरा बनाया जाए। दूसरी तरफ चुनावी सर्वेक्षण से जो बातें निकलकर सामने आई है, उसमें कांग्रेस के युवा चेहरे सचिन पायलट को अशोक गहलोत पर बढ़त मिलती दिखाई दे रही है।

विधानसभा चुनाव को देखते हुए एबीपी न्यूज-सी वोटर के ओपिनियन पोल में सचिन पायलट को राजस्थान के सीएम पद के लिए लोगों की पहली पसंद बताया गया है। 36 फीसदी लोग सचिन पायलट को राजस्थान के सीएम के रूप में देखना चाहते हैं, जबकि वर्तमान सीएम वसुंधरा राजे के पक्ष में 27 फीसदी लोग है। वहीं, 24 फीसदी लोग अशोक गहलोत को मुख्यमंत्री बनता देखना चाहते हैं। राजस्थान की सभी 200 सीटों पर सात दिसंबर को वोट डाले जाएंगे और 11 दिसंबर को इनके परिणाम घोषित होंगे।
सी फोर के ओपिनियन पोल में सचिन पायलट के पक्ष में 32 फीसदी लोग हैं, जबकि 27 फीसदी लोग वसुंधरा राजे को फिर से सीएम बनते देखना चाहते हैं। इसके अलावा 23 फीसदी लोग अशोक गहलोत को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं। बीजेपी ने पहले ही साफ कर दिया है कि वसुंधरा राजे के नेतृत्व में ही पार्टी चुनाव लड़ेगी। लेकिन ओपिनियन पोल में मजबूत दिखाई दे रही कांग्रेस पार्टी सीएम के चेहरे को लेकर अभी भी दुविधा में है। वहीं, पायलट और गहलोत के बीच खींचतान की खबरों का बाजार भी गर्म है।












Click it and Unblock the Notifications