5 साल के बच्चे को जरूरी दवा पहुंचाने के लिए रेलवे आया आगे, पुणे से बेलगाम भेजी गई दवा
नई दिल्ली। कोरोना संक्रमण के चलते देश में लॉकडाउन है। लॉकडाउन के चलते लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच भारतीय रेलवे पांच साल के बच्चे के जीवन को बचाने के लिए आगे आया। दरअसल पुणे के पांच साल के बच्चे के लिए जरूरी दवा को लेकर अपील की गई थी, जिसके बाद साउथ वेस्ट रेलवे आगे आया। बेलगाम में पांच साल के बच्चे का पुणे के एक डॉक्टर से इलाज चल रहा है। बच्चे को इस दवा की सख्त जरूरत थी, जिसे पुणे से बेलागाम पहुंचाया गया।

दवा को पहुंचाने की मुहिम शुरू
बच्चे के माता-पिता ने महाराष्ट्र प्रशासन से अपील की थी कि वह उनके रिश्तेदार को पुणे से बेलागाम गाड़ी से आने की इजाजत दें ताकि यह दवा उनतक पहुंच सके, लेकिन यह अपील स्वीकार नहीं की गई। लेकिन इस बीच माता-पिता ने साउथ वेस्ट रेलवे से मदद की गुहार की। माता-पिता की अपील पर केंद्रीय रेल राज्य मंत्री सुरेश अघाड़ी ने इस मामले में हस्तक्षेप किया ताकि यह दवा उनतक पहुंच सके। रेलवे मंत्रालय के हस्तक्षेप के बाद कर्नाटक के बेलगाम में बच्चे की दवा पहुंच सके।
रेलवे मंत्री ने किया हस्तक्षेप
बता दें कि सुरेश अघाड़ी लोकसभा सांसद हैं और रेल राज्य मंत्री भी हैं। वह बेलगाम से सांसद भी हैं। उन्होंने इस पूरे मामले में हस्तक्षेप किया। बच्चे के लिए जरूरी दवा को पुणे रेलवे स्टेशन भेजा गया, जिसके बाद इस दवा को मालगाड़ी से बेलगाम भेजा गया। ट्रेन के स्टाफ ने इस बात को सुनिश्चित किया कि यह जरूरी दवा जल्द से जल्द बच्चे तक पहुंचे। जब यह दवा बेलगाम रेलवे स्टेशन पहुंची तो स्टेशन के कर्मचारी ने इस दवा को बच्चे के घर पहुंचाया।
संचालन ठप
बता दें कि लॉकडाउन की वजह से पूरे देश में ट्रेनों का संचालन पूरी तरह से ठप है, सिर्फ मालगाड़ियों को चलने की इजाजत है ताकि लोगों तक जरूरी सामान की सप्लाइ बाधित ना हो। ना सिर्फ ट्रेनें बल्कि तमाम बसें और यातायात के साधनों को भी बंद कर दिया गया है। इसकी वजह से लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन तमाम सरकारी विभाग, मंत्रालय लोगों की मदद करने के लिए आगे आ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications