राहुल गांधी शीतकालीन सत्र में नहीं लेंगे हिस्सा, केसी वेणुगोपाल ने बताई वजह
Rahul Gandhi: कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने रविवार को कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी का संसद के शीतकालीन सत्र में शामिल हो पाना प्रैक्टिकल नहीं है क्योंकि वह भारत जोड़ो यात्रा में हैं। बता दें कि शीतकालीन सत्र 7 दिसंबर से शुरू हो रहा है जोकि 29 दिसंबर तक चलेगा। बता दें कि गुजरात विधानसभा चुनाव के चलते सत्र को पहले ही एक महीने आगे टाला जा चुका है। वेणुगोपाल ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा चल रही है, लिहाजा राहुल गांधी के लिए शीतकालीन सत्र में हिस्सा लेना प्रैक्टिकल नहीं होगा।
केसी वेणुगोपाल ने कहा कि आज कांग्रेस संचालन समिति की बैठक में हमने दो चीजों के बारे में चर्चा की। पहली यह कि पार्टी फरवरी माह में पूर्ण अधिवेशन करेगी, दूसरी यह कि भारत जोड़ो यात्रा के बाद कांग्रेस का अगला कार्यक्रम क्या होगा। भारत जोड़ो यात्रा के बाद हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की 26 जनवरी से शुरुआत करेंगे। यह अभियान दो महीने तक चलेगा। यह कार्यक्रम बूथ और जिला स्तर पर होगा। हर ग्राम पंचायत में यह यात्रा पहुंचेगी, जिसमे राहुल गांधी हिस्सा लेंगे और इस यात्रा का संदेश बताएंगे।
कमिटी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हो रहे लाखों लोगों से काफी खुश है। यात्रा लाखों लोगों की बात को सुन रही है, हर वर्ग के लोगों के साथ संवाद स्थापित कर रही है। खासकर कि इस यात्रा में युवा, किसान, महिला, वर्किंग क्लास और हर वर्ग के लोग हिस्सा ले रहे हैं। पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि यह यात्रा वही संदेश दे रही है जो भारत के अध्यात्मिक गुरू, समाज सेवी, स्वतंत्रता सेना, ने दिया था। बता दें कि कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा आज राजस्थान पहुंच रही है। इस यात्रा को लेकर पार्टी काफी रोमांचित है।