Rahul Gandhi Fatehpur: हरिओम वाल्मीकि के घर पहुंचे राहुल गांधी, परिवार ने मिलने से किया था इनकार
उत्तर प्रदेश के रायबरेली में भीड़ द्वारा कथित तौर पर पीट-पीटकर मारे गए दलित युवक हरिओम वाल्मीकि की हत्या के बाद राज्य में राजनीतिक उबाल आ गया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शुक्रवार सुबह पीड़ित परिवार से मिलने के लिए दिल्ली से फतेहपुर पहुंचे।
राहुल गांधी ने मृतक हरिओम वाल्मीकि के परिवार से मुलाकात की। हालांकि इससे पहले हरिओम वाल्मीकि के छोटे भाई ने राहुल गांधी से मुलाकात करने से साफ इनकार कर दिया था। उन्होंने राहुल गांधी पर 'सियासत न करने' की अपील की।

परिवार ने मिलने से किया इनकार, लगे विरोध में पोस्टर
फतेहपुर में हरिओम वाल्मीकि के परिवार से मिलने पहुंचे राहुल गांधी को उनके ही घर पर विरोध का सामना करना पड़ा। हरिओम के छोटे भाई ने स्पष्ट कहा है कि वे राहुल गांधी से मुलाकात नहीं करेंगे और इस घटना को राजनीतिक रंग न दिया जाए। दूसरी तरफ, राहुल गांधी के इस दौरे के विरोध में इलाके में पोस्टर भी लगाए गए हैं, जिससे राजनीतिक तनाव और बढ़ गया है।
राहुल गांधी ने घटना को बताया था 'मानवता की हत्या'
रायबरेली के सांसद राहुल गांधी ने इस घटना के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर परोक्ष रूप से निशाना साधा था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस घटना को 'मानवता, संविधान और न्याय की हत्या' करार दिया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि देश में हाशिए पर पड़े समुदायों को सत्ता में बैठे लोगों के संरक्षण में भीड़ द्वारा निशाना बनाया जा रहा है।
उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा था, 'रायबरेली में दलित युवक हरिओम वाल्मीकि की नृशंस हत्या सिर्फ़ एक व्यक्ति की हत्या नहीं है - यह मानवता, संविधान और न्याय की हत्या है।' उन्होंने यह भी जोड़ा था कि देश में नफ़रत, हिंसा और भीड़तंत्र को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है, जहां "संविधान की जगह बुलडोजर ने ले ली है और न्याय की जगह डर ने ले ली है।'
पीड़ित परिवार के लिए न्याय का वादा
दलित युवक की हत्या को लेकर मुखर रहे राहुल गांधी ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का वादा किया है। उन्होंने अपनी एक्स पोस्ट में कहा, 'मैं हरिओम के परिवार के साथ खड़ा हूं- उन्हें जरूर न्याय मिलेगा। भारत का भविष्य समानता और मानवता पर टिका है, और यह देश संविधान से चलेगा, न कि भीड़ की सनक पर।'
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारियां
इस नृशंस घटना के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है। पुलिस ने ऊंचाहार थाना प्रमुख संजय कुमार को हटा दिया है और पांच अन्य अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। इसके अलावा, पुलिस ने घटना से जुड़े 10 से ज़्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, रायबरेली में कुछ लोगों ने हरिओम वाल्मीकि की 'चोर समझकर' पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।












Click it and Unblock the Notifications