जामिया फायरिंग पर राहुल गांधी ने दी प्रतिक्रिया, पूछा ये सवाल
नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी को लेकर जिस तरह से देश के अलग-अलग हिस्सों में विरोध प्रदर्शन चल रहा है, उसकी वजह से केंद्र सरकार लगातार विपक्ष के निशाने पर है। गुरुवार को सीएए और एनआरसी के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान जिस तरह से एक युवक ने प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाई उसके बाद यह मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी इस प्रकरण पर अपनी चुप्पी तोड़ी है और आरोपी को लेकर बड़ा सवाल खड़ा किया है।

किसने दिया पैसा
इस पूरे मामले पर पहली बार अपनी प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि आखिर किसने जामिया में गोली चलाने वाले युवक को पैसा दिया। जामिया यूनिवर्सिटी के बाहर जिस तरह से यहां के छात्र शादाब फारुक को आरोपी की गोली लगी उसके बाद आरोपी युवक को लेकर विपक्ष अलग-अलग सवाल खड़ा कर रहा है। बता दें कि शादाब फारुक के हाथ में गोली लगी थी, जिसके बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के बाद आज सुबह उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है।
क्राइम ब्रांच कर रही है जांच
जामिया में हुई इस फायरिंग के मामले को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया है। जामिया मिल्या इस्लामिया यूनिवर्सिटी के छात्रों और पूर्व छात्रों ने न्यू प्रेंड कॉलोनी पुलिस स्टेशन पर पहुंचकर फायरिंग करने वाले नाबालिग शख्स के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
धमकी देते हुए मारी गोली
सीएए विरोधी प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, हमलावर ने पिस्तौल लहराते हुए धमकाया कि 'देता हूं तुम्हें आजादी' । एक प्रदर्शनकारी ने बताया कि वह नागरिकता संशोधन कानून विरोधी मार्च का विरोध कर रहा था। बाद में 'उसने जय श्रीराम के नारे लगाए और खुलेआम फायरिंग' कर दी। पुलिस के मुताबिक, फायरिंग करने वाला गोपाल नाम का ये युवक जेवर का रहने वाला बताया गया है। इसके फेसबुक पर- शाहीन बाग खेल खत्म और चंदन भाई ये आपका बदला है जैसे पोस्ट हैं। इसने एक पोस्ट में ये भी लिखा है कि अंतिम यात्रा में मुझे भगवा में ले जाए।












Click it and Unblock the Notifications