राहुल गांधी ने कहा, पीएम मोदी ने नोटबंदी और जीएसटी की दो गोलियां मारकर देश की अर्थव्यवस्था को मार डाला
नई दिल्ली। इन दिनों मोदी सरकार पर अपने जुमलों से हमला कर रहे राहुल गांधी ने एक और हमला बोला है। राहुल गांधी ने कहा है कि पीएम नरेन्द्र मोदी ने पिछले साल देश की अर्थव्यवस्था के सीने में दो गोलियां मारकर उसे मार दिया। यहां पर राहुल गांधी ने दो गोलियां की तुलना मोदी सरकार के नोट बैन और जीएसटी के फैसलों से की है। इससे पहले गुजरात दौरे पर गए राहुल गांधी ने जीएसटी का जिक्र करते हुए कहा था कि इनका जो GST है, ये GST नहीं, ये है गब्बर सिंह टैक्स है। गुजरात चुनाव से पहले राहुल गांधी पीएम मोदी पर लगातार एक के बाद एक हमले बोल रहे हैं।

राहुल गांधी ने कहा- कमांडोज जब किसी बंधक को छुड़ाते हैं तो उस स्थिति में वह आतंकियों को टारगेट करके लगातार दो गोलियां सीने में मारते हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वह बच न सके। ठीक उसी तरह पीएम मोदी और उनकी सरकार ने हमारी इकोनॉमी के दिल में लगातार दो गोलियां मारी हैं। पहली गोली नोटबंदी और दूसरी गोली जीएसटी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों ने छोटे और मध्यम वर्ग के कारोबारियों को घुटने पर ला दिया है। इसके अलावा राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आज छोटे कारोबार की कोई इज्जत नहीं है। चीन हर रोज 50,000 नौकरियां पैदा कर रहा है और भारत में रोजाना सिर्फ 450 नौकरियां पैदा हो रही हैं। चीन को टक्कर सिर्फ मध्यम और छोटे वर्ग के कारोबारी दे सकते हैं।
राहुल गांधी यहीं नहीं रुके। उन्होंने एक और तगड़ा हमला करते हुए कहा कि पीएम भारतीय अर्थव्यवस्था का बेसिक कॉन्सेप्ट ही नहीं समझ सके हैं। सारा कैश कालाधन नहीं है ना ही सारा कालाधन कैश में है। पीएम मोदी ने अपनी ताकत का इस्तेमाल भारत के नागरिकों के दिल में दहशत पैदा करने के लिए किया है। उन्होंने देश के करोड़ों लोगों को एटीएम और बैंकों के बाहर लाइनें लगाकर खड़े रहने पर मजबूर कर दिया। बहुत से लोग लाइनों में खड़े-खड़े मर भी गए, लाखों लोगों की नौकरी चली गई।












Click it and Unblock the Notifications