'ज्ञानेश कुमार जेल जाएंगे, 2024 का चुनाव अवैध था', रामलीला मैदान में गरजे राहुल गांधी,भाषण की 5 बड़ी बातें
दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार, 1 नवंबर को इंडिया ब्लॉक की बड़ी रैली हुई। इसमें कांग्रेस समेत करीब 20 विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए। रैली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR का विरोध किया गया। विपक्षी नेताओं ने चुनाव आयोग पर सवाल उठाए, तो राहुल गांधी ने ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और जेल भेजने की बात कही। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव को भी अवैध बताते हुए वोट चोरी का आरोप लगाया।
पिछले 25 दिनों में वोट चोरी के मुद्दे पर विपक्ष का यह सातवां बड़ा विरोध प्रदर्शन था। मंच पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, तेजस्वी यादव, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी, फारुक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती और एमए बेबी जैसे दिग्गज नेता मौजूद रहे। करीब चार घंटे चले इस प्रदर्शन में नेताओं के भाषणों के साथ कई तीखे राजनीतिक बयान भी सामने आए। आइए जानते हैं इस ऐतिहासिक रैली में राहुल गांधी के दिए भाषण की 5 बड़ी बातें।

1. 'ज्ञानेश कुमार जेल जाएंगे, मोदी-शाह के बिना नहीं बनते पीएम-गृह मंत्री'
रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने सीधे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा, "ज्ञानेश कुमार को पद से हटना होगा और वे जेल जाएंगे। यह आम चोरी नहीं है, बल्कि देश के हर नागरिक की आवाज की चोरी है।"
उन्होंने इसे देशद्रोह और 'रेयरेस्ट ऑफ रेयर' मामला करार देते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार के बिना न तो नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बनते और न ही अमित शाह गृह मंत्री। राहुल ने आरोप लगाया कि आरएसएस ने देश की सभी संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जा कर लिया है।
2. '15 फीसदी वोटर्स हटाए गए, 2024 का चुनाव अवैध था'
राहुल गांधी ने आंकड़े पेश करते हुए 2024 के आम चुनाव की वैधता पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि चुनाव के बाद वोटर लिस्ट से करीब 13.5 करोड़ यानी 15 प्रतिशत मतदाताओं के नाम हटा दिए गए। हर सात में से एक वोटर को बाहर किया गया।
उन्होंने कहा कि यह डेटा खुद चुनाव आयोग की सच्चाई बयां करता है। राहुल ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, कर्नाटक और 2024 के लोकसभा चुनाव में ईवीएम (EVM) में गड़बड़ी और वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने-घटाने के जरिए बड़े पैमाने पर वोट चोरी की गई है।
3. 'नफरत नहीं, मोहब्बत फैलानी है, कानून के तहत लेंगे हिसाब'
अपने संबोधन में राहुल गांधी ने साफ किया कि विपक्ष का यह लड़ाई किसी नफरत पर आधारित नहीं है। उन्होंने कहा, "हम मोदी, शाह या ज्ञानेश कुमार से व्यक्तिगत नफरत नहीं करते, हम तो मोहब्बत की दुकान खोलने वाले लोग हैं। लेकिन इन्होंने संविधान और लोकतंत्र पर हमला किया है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।"
राहुल ने चेतावनी दी कि सरकार से भागने नहीं दिया जाएगा और जनता के वोटों की चोरी तथा देश की संपत्तियों को अडाणी को बेचने के मामले में कानूनी कार्रवाई करके पूरा हिसाब लिया जाएगा।
4. 'संविधान से बड़ा कोई नहीं, दो-तीन लोगों के हाथ में सिमटी देश की संपत्ति'
राहुल गांधी ने उदाहरण देते हुए कहा कि 'शिव की बारात' में हर जीव शामिल हो सकता है और देश भी ऐसा ही होना चाहिए जहां किसान, मजदूर और युवा सभी को उनका हक मिले। उन्होंने कहा कि पूरा देश दो या तीन चुनिंदा उद्योगपतियों के हाथ में सौंप दिया गया है, जो मंजूर नहीं है।
राहुल ने कहा, "आपके पास चाहे जितना पैसा और पावर हो, आप देश के संविधान से बड़े नहीं हो सकते। देश को वापस सही पटरी पर लाने की पहली सीढ़ी ज्ञानेश कुमार को उनके पद से हटाना है।"
5. राहुल गांधी ने किसानों, युवाओं और मजदूरों के हक की बात
राहुल गांधी ने कहा कि यह आंदोलन किसी एक पार्टी या नेता का नहीं, बल्कि देश की आवाज है। उन्होंने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार ने वोट चोरी के जरिए लोगों की आवाज दबाने की कोशिश की है। राहुल ने कहा कि इस विवाद के कारण ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को भी चैन नहीं मिल रहा है।
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष का मकसद किसी से नफरत करना नहीं है। राहुल के मुताबिक, उनकी लड़ाई संविधान और लोकतंत्र को बचाने की है। उन्होंने कहा कि देश को नफरत नहीं, मोहब्बत की जरूरत है। उन्होंने मोदी सरकार पर देश की आत्मा और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हमला करने का आरोप लगाया।
मोदी सरकार को कार्रवाई की चेतावनी, अखिलेश ने यूपी का किया जिक्र
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश का जिक्र करते हुए बीजेपी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि जो लोग कभी यूपी से आए थे, उनकी विदाई भी यूपी से ही होगी। अखिलेश ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी की विदाई तय है। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, तेजस्वी यादव, फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती और लेफ्ट नेता एमए बेबी ने भी रैली को संबोधित किया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को छिपाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन विपक्ष उन्हें ढूंढकर रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकार ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों के जरिए डराने की कोशिश करे, तब भी विपक्ष पीछे नहीं हटेगा।
5 दिनों में सातवीं बार साथ आया विपक्ष
यह रैली विपक्षी दलों के साझा विरोध का नया पड़ाव थी। पिछले 25 दिनों में इंडिया ब्लॉक के नेता इस मुद्दे पर सातवीं बार एक साथ आए। इससे पहले 6 से 13 अक्टूबर के बीच छह बार प्रदर्शन किए गए थे। रविवार को पहले मार्च निकाला गया और फिर रामलीला मैदान में सभा हुई। करीब चार घंटे चले इस कार्यक्रम में 20 विपक्षी दल शामिल हुए।
विपक्ष की मुख्य मांग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा और एसआईआर प्रक्रिया को लेकर जवाबदेही तय करना है। दूसरी तरफ, चुनाव आयोग का कहना है कि एसआईआर का मकसद मतदाता सूची से मृत, स्थायी रूप से दूसरी जगह जा चुके, अनुपस्थित और डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान करना है। आयोग के मुताबिक, ड्राफ्ट लिस्ट में नाम नहीं होने पर पात्र मतदाता दावा और आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। इसलिए 13 करोड़ नामों को अंतिम मतदाता सूची से हटाया जाना मानना सही नहीं होगा।


Click it and Unblock the Notifications
