राहुल गांधी की वापसी से INDIA गठबंधन पर कितना पड़ेगा असर?
मोदी सरनेम केस में राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। सजा पर रोक लगने की वजह से अब उनकी लोकसभा की सदस्यता बहाल हो जाएगी। साथ ही वो 2024 का लोकसभा चुनाव भी लड़ सकेंगे। ऐसे में इस एक फैसले से देश का पूरा सियासी समीकरण बदल गया है।
राहुल की मैदान में वापसी से विपक्ष के गठबंधन INDIA पर भी काफी ज्यादा असर होगा। विपक्षी दलों ने अभी प्रधानमंत्री फेस फाइनल नहीं किया है, ऐसे में राहुल के आने से मामला और दिलचस्प हो गया।

कांग्रेस होगी आक्रामक?
विपक्षी गठबंधन INDIA की दो बैठकें हुईं, जबकि तीसरी बैठक मुंबई में होने जा रही है। राजनीतिक एक्सपर्ट्स के मुताबिक कांग्रेस अब ज्यादा आक्रामक रूप से अपनी बात रखेगी। राहुल उसके फायर ब्रांड नेता हैं। जल्द ही गठबंधन के संयोजकों की नियुक्ति के लिए 11 सदस्यीय कमेटी का ऐलान होना है। अब कांग्रेस उसमें और बढ़-चढ़कर हिस्सा लेगी।
पीएम फेस के ऐलान का बढ़ेगा दबाव?
विपक्षी दलों ने पीएम फेस का ऐलान नहीं किया है। राहुल गांधी की सदस्यता जाने से कांग्रेस भी उसमें दिलचस्पी नहीं ले रही थी, लेकिन अब मामला बदल गया है। कांग्रेस विपक्षी गठबंधन पर पीएम फेस के ऐलान का दबाव बनाएगी। वैसे भी पार्टी में लगातार राहुल को पीएम उम्मीदवार बनाने की मांग की जाती रही है।
नीतीश जैसे दिग्गज नेताओं की बढ़ेगी मुश्किल?
बिहार सीएम नीतीश कुमार ने विपक्षी एकता के लिए काफी मेहनत की है। पहली बैठक उन्होंने पटना में आयोजित करवाई थी। कांग्रेस राहुल को ही पीएम फेस बनाने का दबाव डालेगी। ऐसे में नीतीश, ममता बनर्जी, शरद पवार जैसे नेताओं की टेंशन बढ़ेगी, क्योंकि वो भी पीएम पद के प्रबल दावेदार हैं। अगर मामला बिगड़ा, तो गठबंधन टूट भी सकता है।
राहुल के बयान से दिक्कत
राहुल गांधी वीर सावरकर को लेकर बयानबाजी करते रहते हैं। जिस पर उद्धव गुट को काफी दिक्कत है। एनसीपी भी उनके इस बयान पर आपत्ति जता चुकी है। ऐसे में अगर सजा पर रोक के बाद राहुल उग्र हुए और फिर से सावरकर पर हमला बोला, तो विपक्ष की एकता में दरारा आ सकती है।












Click it and Unblock the Notifications