राहुल का मोदी सरकार से सवाल- 2021 में सबको वैक्सीन देने के वादे का क्या हुआ?
कोरोना की तीसरी लहर का खतरा: राहुल का मोदी सरकार से सवाल- सबको वैक्सीन के वादे का क्या हुआ?
नई दिल्ली, 31 दिसंबर: कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वेरिएंट के चलते संक्रमण के मामले एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगे हैं। इससे देश में कोरोना की तीसरी लहर का खतरा मंडरा रहा है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र की नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के इस ओर उठाए कदमों से नाखुशी जाहिर की है। राहुल ने कहा है कि सरकार इस साल सब को वैक्सीन का वादा पूरा नहीं कर सकी और अब तीसरी लहर का खतरा सामने है।

राहुल ने शुक्रवार को ट्वीट करते हुए लिखा- 'केंद्र सरकार का वादा था कि 2021 के अंत तक सबको दोनों डोज़ वैक्सीन लगाएंगे। आज साल का अंत है- देश अब भी वैक्सीन से दूर, एक और जुमला चकनाचूर!' राहुल ने अपने ट्वीट के साथ एक खबर का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया है। जिसमें कहा गया है कि जल्दी ही भारत को कोरोना की तीसरी लहर का सामना करना पड़ सकता है। राहुल ने अपने ट्वीट में मौजूदा साल (2021) में सभी को टीका नाम मिलने को लेकर सवाल किया है। बता दें कि इस साल 16 जनवरी से टीकाकरण कार्यक्रम शुरू हुआ था। देश में अब तक 90 फीसदी लोगों कोरोना का टीका लगा है। जिसमें दोनों खुराक करीब 63 फीसदी लोगों को ही मिल सकी है।
ओमिक्रॉन ने बढाई चिंता
देश में एकबार फिर कोरोना वायरस खतरनाक रफ्तार से बढ़ने लगा है, महामारी के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन ने चिंता को और बढ़ा दिया है। कोरोना के साथ-साथ देश में ओमिक्रॉन के मामले भी लगातार बढ़ रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की एक रिपोर्ट के मुताबिक देश में अब तक कुल 1270 ओमिक्रॉन के मामले सामने आए हैं, इसमें से सबसे अधिक केस महाराष्ट्र और दिल्ली में दर्ज किए गए हैं। तीसरे स्थान पर केरल है। अब तक देश के 23 राज्यों में ओमिक्रॉन के मामले सामने आ चुके हैं।
शुक्रवार (31 दिसंबर) को स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 16,764 नए मामले सामने आए हैं। वहीं बीते 24 घंटों 220 लोगों की मौत हुई है। देश में कोरोना एक्टिव केसों की कुल संख्या अब 91,361 है। वहीं कोरोना के कुल मामले 3,48,38,804 है। भारत में कोरोना रिकवरी रेट अभी 98.36 फीसदी है। देश में कोरोना से हुई अब तक कुल मौतों का आंकड़ा 4,81,080 है।












Click it and Unblock the Notifications