LPG के बढ़े दाम पर राहुल गांधी ने कसा तंज, साल 2014 से साल 2022 के दामों में की तुलना
नई दिल्ली, 8 मई: पेट्रोल-डीजल के साथ ही घरेलू सिलेंडर के भी दाम आसमान छू रहे हैं। शनिवार को जनता को महंगाई का एक और बड़ा झटका लगा, जहां एलपीजी के दाम 50 रुपये बढ़ गए। इस बढ़ोतरी के बाद से मोदी सरकार विपक्षी दलों के निशाने पर है, साथ ही लगातार केंद्रीय मंत्रियों के घर के बाहर प्रदर्शन हो रहे। अब मामले में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी की प्रतिक्रिया सामने आई है।
Recommended Video

राहुल गांधी ने ट्वीट कर मौजूदा वक्त में एलपीजी सिलेंडर के दाम की तुलना 2014 से की है। राहुल के मुताबिक 2014 में कांग्रेस की सरकार में सिलेंडर 410 रुपये का था, तब उस पर 827 रुपये सब्सिडी मिलती थी। वहीं अब बीजेपी सरकार में इसका रेट 999 रुपये हो गया है, जिस पर 0 रुपये की सब्सिडी है। कांग्रेस सांसद के मुताबिक अब एक सिलेंडर का दाम पहले के दो सिलेंडर से भी ज्यादा है। गरीब और मध्यम वर्ग के भारतीय परिवारों के कल्याण के लिए केवल कांग्रेस ही शासन करती है। ये उनकी आर्थिक नीति का मूल है।
अब कितना दाम?
शनिवार को तेल कंपनियों ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम भी 50 रुपए बढ़ा दिए। दाम बढ़ने के बाद अब 14.2 किलोग्राम का एलपीजी सिलेंडर 999.50 रुपए का मिलेगा। वहीं, पिछले हफ्ते कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भी 102 रुपए की बढ़ोत्तरी हुई थी। इस समय 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 2253 रुपये है।
हरदीप पुरी के घर के बाहर प्रदर्शन
वहीं पेट्रोल-डीजल और गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ शनिवार को दिल्ली में केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी के बाहर प्रदर्शन हुआ। जिसमें यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल थे। इसके बाद कांग्रेस कार्यालय में सिलेंडर को फूलमाला पहना कर श्रद्धांजलि दी गई। कांग्रेस ने मोदी सरकार से सिलेंडर के बढ़े दाम वापस लेने की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications