'IAS का निजीकरण आरक्षण खत्म करने की मोदी की गारंटी', UPSC में लेटरल एंट्री सिस्टम पर राहुल गांधी का तंज
Rahul Gandhi On lateral entry system: केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के लेटरल सिस्टम पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार (18 अगस्त) को निशाना साधा है। शीर्ष सरकारी पदों पर विशेषज्ञों को लाने के केंद्र के प्रयास पर तंज कसते हुए राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के माध्यम से पारंपरिक भर्ती प्रक्रिया को दरकिनार कर संविधान को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।
लोकसभा में विपक्ष के नेता (एलओपी) राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि मोदी सरकार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े लोगों की भर्ती कर रही है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और बसपा सुप्रीमो मायावती भी मोदी सरकार के इस कदम की आलोचना कर चुके हैं।

ये भी पढ़ें- लेटरल एंट्री के जरिए नियुक्ति पर भड़के अखिलेश और मायावती, कहा- ये BJP की साजिश है, आंदोलन की दी धमकी
राहुल गांधी बोले- नरेंद्र मोदी संविधान पर हमला कर रहे हैं
राहुल गांधी ने कहा, ''नरेंद्र मोदी संघ लोक सेवा आयोग की जगह 'राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ' के जरिए लोकसेवकों की भर्ती कर संविधान पर हमला कर रहे हैं। केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों में महत्वपूर्ण पदों पर लेटरल एंट्री के जरिए भर्ती कर खुलेआम SC, ST और OBC वर्ग का आरक्षण छीना जा रहा है।''
राहुल गांधी ने कहा- ये UPSC की तैयारी कर रहे युवाओं के हक पर डाका है
राहुल गांधी ने कहा, ''मैंने हमेशा कहा है कि टॉप ब्यूरोक्रेसी समेत देश के सभी शीर्ष पदों पर वंचितों का प्रतिनिधित्व नहीं है, उसे सुधारने के बजाय लेटरल एंट्री द्वारा उन्हें शीर्ष पदों से और दूर किया जा रहा है। यह UPSC की तैयारी कर रहे प्रतिभाशाली युवाओं के हक पर डाका और वंचितों के आरक्षण समेत सामाजिक न्याय की परिकल्पना पर चोट है।''
ये भी पढ़ें- Rahul Gandhi: नेता प्रतिपक्ष का नया ठिकाना, सुनहरी बाग बंगला नंबर-5, कांग्रेस दिग्गज ने भी दी सहमति
'IAS का निजीकरण' आरक्षण खत्म करने की 'मोदी की गारंटी' है'
राहुल गांधी ने कहा, ''चंद कॉरपोरेट्स के प्रतिनिधि निर्णायक सरकारी पदों पर बैठ कर क्या कारनामे करेंगे इसका ज्वलंत उदाहरण SEBI है, जहां निजी क्षेत्र से आने वाले को पहली बार चेयरपर्सन बनाया गया। प्रशासनिक ढांचे और सामाजिक न्याय दोनों को चोट पहुंचाने वाले इस देश विरोधी कदम का INDIA मजबूती से विरोध करेगा।'IAS का निजीकरण' आरक्षण खत्म करने की 'मोदी की गारंटी'है।''












Click it and Unblock the Notifications